Illegal Sand : घोड़ाडोंगरी में नहीं रूक रहा बिना रॉयल्टी अवैध रेत परिवहन का सिलसिला
वन क्षेत्र की नदियों को छलनी कर रहे रेत माफिया, मूक दर्शक बने अधिकारी

Betul News : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के मामले नहीं रूक रहे हैं। रेत माफिया वन क्षेत्र की नदियों को छलनी कर रहे हैं। विभाग को जानकारी होने के बावजूद अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बासपुर की तवा नदी से निकलने वाली रेता वन क्षेत्र की नदी में से निकाली जा रही हैं।
बिना रॉयल्टी रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली का रोजाना परिवहन किया जा रहा है। गौरतलब है कि जिला खनिज अधिकारी ने पूर्व में इंस्पेक्टर से जांच करवाई थी, जिसमें ई रॉयल्टी होने की जानकारी दी गई थी। बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टरों से वन क्षेत्र की नदियों से रेत निकाली जा रही है, अधिकारी के कथन में इसकी ई रॉयल्टी कहना भी सन्देह का विषय है। वहीं ट्रैक्टर चालक बासपुर में बने रेत के ठेकेदार के चेकिंग नाके से टोकन लेकर घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में बिना डर के रेत का परिवहन कर रहे। इस टोकन को ट्रेक्टर ट्राली वाले रॉयल्टी मानकर चला रहे हैं।
फॉरेस्ट क्षेत्र से भरकर निकलने वाली रेता की टोकन राशि किस विभाग के पास जमा हो रही है इसको लेकर भी संदेह उत्पन्न हो रहा है। रोजाना रेत से भरे ट्रैक्टर वन विभाग के सीसीटीवी लगे नाके के सामने से गुजर रहे। इसके बावजूद रेत के खेल पर अबतक कार्यवाही नही होना दोनों विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्य शैली पर सवाल खड़े कर रहे है। वहीं शासन को करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। इस विषय को लेकर उत्तर वन मंडल के डीएफओ का पक्ष जानना चाहा पर मीटिंग में व्यस्त होने के कारण उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।




