अभिनव पहल: सेवा- संवाद एवं विवाद निपटान अभियान से सुलझेंगी ग्रामीणों की समस्याएं
बैतूल में कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी का प्रयास

Innovative Initiative : बैतूल। ग्रामीण क्षेत्रों की मौके पर ही समस्याएं सुलझाने के लिए कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी द्वारा जिले में “सेवा-संवाद एवं विवाद निपटान अभियान” प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों का आयोजन करेंगे। इन चौपालों में भूमि संबंधी विवाद, सीएम हेल्पलाईन की शिकायतें, जनसुनवाई, भू-अभिलेख से संबंधित शिकायतें आदि का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चौपालों में तहसील स्तरीय राजस्व अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे। समय-समय पर क्षेत्र के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी भी चौपालों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुलझाएंगे। चौपाल आयोजन के पांच दिन पूर्व पुलिस एवं राजस्व प्रशासन के अधिकारी संयुक्त रूप से आपस में चर्चा, विचार-विमर्श एवं समन्वय कर चौपाल में निराकृत किए जाने वाले प्रकरणों का चिन्हांकन सुनिश्चित करेंगे। चौपाल में निराकरण हेतु चिन्हांकित प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेजीकरण, संबंधित पक्षकारों को सूचना पत्र जारी करना आदि कार्रवाई पहले से ही संपन्न कराई जाएगी।
चौपाल में निराकरण हेतु रखे जाने वाले प्रकरणों का पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों द्वारा पूर्व से ही आवश्यक परीक्षण करा लिया जाएगा एवं चौपाल के दिन इन प्रकरणों का मौके पर शत प्रतिशत अंतिम निराकरण व क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। ऐसे मामलों में कोई भी कार्रवाई शेष नहीं रखी जाएगी। पक्षों में विवाद की स्थिति में आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी इन चौपालों में की जा सकेगी।
जानें माह जुलाई में कहां होंगी चौपालें:
बैतूल तहसील अंतर्गत 7 जुलाई को ग्राम आरूल, 14 जुलाई को ग्राम बांसपानी, 21 जुलाई को ग्राम कोदारोटी एवं 28 जुलाई को ग्राम खेड़ला में ग्राम चौपाल आयोजित होंगी। चिचोली तहसील अंतर्गत 7 जुलाई को ग्राम गोंडूमंडई, 14 जुलाई को ग्राम नसीराबाद, 21 जुलाई को ग्राम बेला एवं 28 जुलाई को ग्राम बल्लौर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाएगा। घोड़ाडोंगरी तहसील अंतर्गत 7 जुलाई को ग्राम बंजारीढाल, 14 जुलाई को ग्राम पांढरा, 21 जुलाई को ग्राम छुरी एवं 28 जुलाई को ग्राम महेन्द्रवाड़ी में ग्राम चौपाल का आयोजन होगा। मुलताई तहसील अंतर्गत 6 जुलाई को ग्राम साईखेड़ा, 13 जुलाई को ग्राम सांडिया, 20 जुलाई को ग्राम खेड़ीकोर्ट, 27 जुलाई को ग्राम चंदोराखुर्द मेें ग्राम चौपाल आयोजित होगी।
प्रभातपट्टन तहसील अंतर्गत 6 जुलाई को ग्राम चिल्हाटी, 13 जुलाई को ग्राम बिसनूर, 20 जुलाई को ग्राम तिवरखेड़ एवं 27 जुलाई को ग्राम मासोद में ग्राम चौपाल आयोजित होंगी। तहसील आमला अंतर्गत 6 जुलाई को ग्राम तोरनवाड़ा, 13 जुलाई को ग्राम बोरदेही, 20 जुलाई को ग्राम खेड़लीबाजार एवं 27 जुलाई को ग्राम उमरिया में यह चौपालें आयोजित होगी। तहसील शाहपुर अंतर्गत 6 जुलाई को शाहपुर, 13 जुलाई को ग्राम गुवाड़ी, 20 जुलाई को ग्राम तारा एवं 27 जुलाई को ग्राम सालीमेट में ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाएगा। भैंसदेही तहसील अंतर्गत 6 जुलाई को ग्राम केरपानी, 13 जुलाई को ग्राम सांवलमेंढा, 20 जुलाई को विजयग्राम एवं 27 जुलाई को खामला में ग्राम चौपालों का आयोजन किया जाएगा।
आठनेर तहसील अंतर्गत 4 जुलाई को ग्राम टेमनी, 11 जुलाई को ग्राम हिवरा, 18 जुलाई को ग्राम बरखेड़ एवं 25 जुलाई को ग्राम जावरा में चौपालों का आयोजन होगा। भीमपुर तहसील अंतर्गत 14 जुलाई को ग्राम झाकस, 21 जुलाई को ग्राम गुरूवा एवं 28 जुलाई को ग्राम रातामाटी में यह चौपालें आयोजित होंगी। सभी स्थानों पर ग्राम चौपालों का आयोजन स्थल वहां का ग्राम पंचायत भवन रहेगा। कलेक्टर बैंस ने संबंधित क्षेत्रों के राजस्व एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को चौपालों के आयोजन की दिनांकों का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।




