स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक पहुंच रही आयुष चिकित्सा की जानकारी।
अब तक 1997 लोग हो चुके लाभान्वित । स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जिले में लगातार आयोजित हो रही शिविर और कार्यशालाएं।

बैतूल। जिले में आयुष विभाग मध्य प्रदेश द्वारा संचालित आयुष जन स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों और स्कूली छात्र-छात्राओं को आयुष चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर बैतूल बाजार द्वारा चलाए जा रहे इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पहला सुख निरोगी काया के सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों में जन-जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉक्टर मनोज वर्मा एवं सहायक नोडल डॉक्टर राजेश कुमार जाधव के मार्गदर्शन में यह अभियान लगातार चल रहा है। कार्यक्रम के संचालन में होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अरविंद कुमार मोहने, डॉक्टर प्रीतिबाला पाटनकर, डॉक्टर राजेश जाधव तथा आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विनीता महादुले, डॉक्टर शारदा चौधरी और डॉक्टर अतुल राय की सक्रिय भूमिका रही।
वर्तमान में आयुष जन स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष पद्धतियों के चिकित्सकों द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं को आयुर्वेद के माध्यम से दिनचर्या, ऋतुचर्या, योगाभ्यास, प्राणायाम, स्वच्छता और संतुलित आहार के महत्व के बारे में जानकारी देने के लिए कार्यशालाए आयोजित की जा रही हैं। साथ ही बच्चों और युवाओं को बढ़ते स्क्रीन टाइम, बदलते पर्यावरण और आधुनिक जीवनशैली के कारण होने वाले रोगों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के तरीके भी सिखाए जा रहे हैं।
इसके अलावा वृद्धजनों के लिए वयोमित्र, बेहतर संतति के लिए सुप्रजा और वर्तमान परिवेश में बढ़ रही अस्थि व मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आमजन और बुजुर्गों को सुरक्षित और निरोगी रहने के उपाय भी बताए जा रहे हैं।

जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर योगेश चौकीकर ने बताया कि जिले में चल रहे इस कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक आयुर्विद्या के 1361, मस्कुलो स्केलेटल डिसॉर्डर के 222, वयोमित्र के 235 और सुप्रजा के 179 लोगों को लाभ मिला है। इस प्रकार कुल 1997 लोग इस अभियान से लाभान्वित हो चुके हैं। आयुष विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान को जन-जन तक पहुचाने में लगातार लगे हुए हैं तथा आमजन से अपील की गई है कि वे विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाए।




