आयुष विभाग का पोषण पखवाड़ा संपन्न, 4641 लाभार्थियों को मिला लाभ।

9 से 23 अप्रैल तक जिले के 10 ब्लॉकों में हुआ आयोजन।

बैतूल। आयुष विभाग द्वारा जिले में पोषण पखवाड़े का सफल आयोजन किया गया, जिसमें कुल 4641 लाभार्थियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लाभान्वित किया गया। यह आयोजन 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक पोषण पखवाड़े के आठवें संस्करण के रूप में जिले के सभी 10 ब्लॉकों में संपन्न हुआ।

आयुष मंत्रालय भारत सरकार के पत्र एवं संचालनालय आयुष विभाग मध्य प्रदेश शासन के आदेशानुसार जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। पोषण पखवाड़े की नोडल अधिकारी डॉ. लक्ष्मी किशनानी एवं सहायक नोडल अधिकारी डॉ. पूनम नागले ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पखवाड़े के दौरान निर्धारित थीम के अनुसार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। मातृ एवं शिशु पोषण थीम के अंतर्गत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण परामर्श दिए गए, वहीं जन्म से 2 वर्ष तक के बच्चों के पोषण और देखभाल को लेकर जागरूकता बढ़ाई गई।

बाल मस्तिष्क विकास और प्रारंभिक संवर्धन के तहत जन्म से 3 वर्ष तक के बच्चों के मानसिक और संज्ञानात्मक विकास के लिए अभिभावकों को मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

स्क्रीन समय को कम करने के लिए अभिभावकों और समुदाय की भूमिका पर भी विशेष ध्यान दिया गया, वहीं सुदृढ़ आंगनबाड़ी के लिए सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया। इस प्रकार विभिन्न थीम आधारित गतिविधियों के माध्यम से जिले में पोषण और बाल विकास को लेकर व्यापक जागरूकता सुनिश्चित की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button