महान योद्धा के साथ जनकल्याणकारी और दूरदर्शी शासक भी थे शिवाजी महाराज: राने|
भैंसदेही में शिव सेना यूबीटी ने मनाई शिवाजी महाराज जयंती, शुभ मंगल गार्डन गुदगांव में जुटे शिवसैनिक जिला प्रमुख प्रदीप जायसवाल के निर्देश पर ब्लॉक स्तर पर मनाया गया जन्मोत्सव|

बैतूल। शिव सेना यूबीटी द्वारा ब्लॉक भैंसदेही में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती शुभ मंगल गार्डन गुदगांव में बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। जिला प्रमुख प्रदीप जायसवाल के आदेशानुसार बैतूल जिले के भैंसदेही ब्लॉक में शिवाजी महाराज का जन्मोत्सव गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में शिव सेना के मुख्य कार्यकर्ता रामेश्वर (राज) बारस्कर ने उद्बोधन देते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्र गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनके जीवन से साहस, संगठन शक्ति और जनसेवा की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से शिवाजी महाराज के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
तहसील प्रमुख संदीप राने ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज एक महान योद्धा के साथ जनकल्याणकारी और दूरदर्शी शासक भी थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस, नीति और संगठन शक्ति के बल पर स्वराज की स्थापना की, जो आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का कार्य किया और महिलाओं के सम्मान, धर्म की रक्षा तथा प्रजा के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने उपस्थित शिवसैनिकों से आह्वान किया कि वे शिवाजी महाराज के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को विशेष रूप से शिवाजी महाराज के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर तहसील प्रमुख संदीप राने, उपप्रमुख मयूर ठाकरे, सदस्य विशाल राने, कमलेश सुहाने, कपिल पाटनकर, नितिन देशमुख, केवल मिरासे, उज्वल पाटनकर, प्रतिक मगरदे, किशन सेलुकर, अनुप लिखितकर, पियुष, अमन, आकाश राने, प्रशांत बोडखे, आदित्य लिखितकर सहित समस्त भैंसदेही ब्लॉक शिव सेना के कार्यकर्ता एवं शिवसैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने शिवाजी महाराज को नमन कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।




