छोटे से गांव जीन की बेटी तेजल बारस्कर ने 10वीं में 96.6 प्रतिशत अंक हासिल किए।
बिना कोचिंग स्व-अध्ययन से पाई बड़ी सफलता।

बैतूल। छोटे से गांव जीन की रहने वाली तेजल बारस्कर ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 96.6% अंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उत्कृष्ट स्कूल बैतूल की छात्रा तेजल ने 500 में से 482 अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस सफलता से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
तेजल के पिता दिलीप बारस्कर ने बताया कि वह बचपन से ही पढ़ाई में लगातार बेहतर प्रदर्शन करती रही है। उन्हें पहले से विश्वास था कि तेजल बोर्ड परीक्षा में अच्छा करेगी, जिसे उसने अपनी मेहनत से सच साबित किया। माता कमला बारस्कर के अनुसार तेजल ने यह उपलब्धि बिना किसी कोचिंग के केवल स्व-अध्ययन के दम पर हासिल की है। नियमित पढ़ाई, अनुशासन और कड़ी मेहनत उसकी सफलता का आधार रहे हैं। अपनी सफलता पर तेजल ने बताया कि वह आगे इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती है और इसके लिए पूरी लगन के साथ आगे भी पढ़ाई जारी रखेगी। तेजल की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।




