Betul news: शीतलझिरी बांध निर्माण में डूब प्रभावित किसान कल 4 जुलाई को करेंगे प्रदर्शन

जनजातीय संगठन और प्रभावित ग्रामवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दी सूचना 

बैतूल। शीतलझिरी बांध निर्माण में डूब प्रभावित 6 से 7 गांवों के किसान कल 4 जुलाई 2024 को जिला मुख्यालय पर स्थित कलेक्ट्रेट में प्रस्तावित बांध के विरोध में एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन करेंगे और माननीय राज्यपाल को कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपेंगे। शीतलझिरी बांध निर्माण के खिलाफ जनजातीय संगठन और प्रभावित ग्रामवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सूचना दी है।

जनजातीय संगठन का कहना है कि सरकार द्वारा 1 वर्ष पूर्व से इस परियोजना के निर्माण का प्रयास जारी है, लेकिन ग्राम शीतलझिरी और अन्य प्रभावित गांवों के निवासी अपनी आजीविका और भूमि की सुरक्षा के उद्देश्य से इस प्रस्तावित बांध का लगातार विरोध कर रहे हैं। 14 जून 2024 को प्रदेश के मुख्यमंत्री ने शीतलझिरी से 75 किलोमीटर दूर मुलताई में 276.13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शीतलझिरी परियोजना का उद्घाटन किया। किसानों की असहमति के बावजूद इस परियोजना का उद्घाटन होने से उनके बीच भारी असंतोष और अविश्वास की भावना उत्पन्न हो गई है। किसानों को अपनी कृषि और आवासीय भूमि से विस्थापित होने का डर सता रहा है।अपनी जमीन बचाने के लिए किसानों के पास संवैधानिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने के अलावा कोई और उपाय नहीं बचा है। ग्रामीणों का कहना है कि शीतलझिरी बांध परियोजना उनकी आजीविका को छीनने वाली है। वे अपनी जमीन, जो उनकी रोजी-रोटी का प्रमुख स्रोत है, को बचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी आवाज़ को अनसुना किया जा रहा है, जिससे उनमें भारी रोष व्याप्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button