Betul news: 25 किमी पैदल चाल परीक्षा में लिफ्ट लेकर जा रहा था अभ्यर्थी, फ्लाइंग स्कॉट ने पकड़ा, किया डिस्क्वालिफाई

बैतूल। वन विभाग द्वारा आयोजित 25 किमी पैदल चलने की परीक्षा में एक अभ्यर्थी को फरेब करना महंगा पड़ा। प्रजापत सिंह मोंगरे नामक इस अभ्यर्थी ने पैदल चलने की बजाय बाइक पर सवार होकर परीक्षा को पास करने की कोशिश की। इस चालाकी का पर्दाफाश होने पर उसे तुरंत डिस्क्वालिफाई कर दिया गया।
बैतूल में आयोजित फॉरेस्ट गार्ड और क्षेत्र रक्षक पदों के लिए यह परीक्षा आठ वन विद्यालयों में चल रही है। दस से ज्यादा जिलों से आए 407 अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया था, जिसमें से 224 में से 183 अभ्यर्थियों ने पैदल चाल को सफलतापूर्वक पूरा किया। इन जिलों में सागर, बैतूल, भोपाल, मुरैना, रतलाम, सीहोर, हरदा, श्योपुर आदि शामिल थे।
परीक्षा के नियमों के तहत पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किमी की दूरी चार घंटे में पैदल तय करनी होती है, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए यह दूरी 14 किमी है। बैतूल में यह परीक्षा बरसाली होकर आमला जाने वाले मार्ग पर आयोजित की गई थी। इस दौरान अभ्यर्थियों की निगरानी के लिए जगह-जगह अधिकारी तैनात थे और फ्लाइंग स्कॉट को भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
वन विद्यालय की अनुदेशक एसीएफ तरुणा वर्मा ने बताया कि प्रजापत सिंह मोंगरे पैदल चाल के दौरान एक बाइक सवार से लिफ्ट लेकर परीक्षा पास करने की कोशिश कर रहा था, जिसे फ्लाइंग स्कॉट ने पकड़ लिया। अनुचित साधन इस्तेमाल करने पर उसे तुरंत डिस्क्वालिफाई कर दिया गया। इस परीक्षा का आयोजन दक्षिण वन मंडल द्वारा किया गया था, जिसके नोडल अधिकारी डीएफओ विज्यानन्तम टी आर थे। क्वालीफाई हुए अभ्यर्थियों की सूची मुख्यालय भेजी जाएगी, जहां तीनों परीक्षणों में सफल रहे अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।




