District Panchayat members angry over the poor condition of Birhargaon school: बिरहरगांव स्कूल की बदहाली पर भड़कीं जिला पंचायत सदस्य, सुधार के दिए सख्त निर्देश
पौधारोपण के दौरान सामने आई गंभीर लापरवाही, बच्चों की सुरक्षा और सुविधा पर जताई गहरी चिंता

बैतूल: ग्राम पंचायत बिरहरगांव की शासकीय माध्यमिक शाला में पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने स्कूल की अव्यवस्था देखकर नाराजी जाहिर की। बच्चों से पढ़ाई के बारे में चर्चा करते समय उन्होंने पाया कि स्कूल की स्थिति बेहद दयनीय है। बच्चों ने बताया कि उन्हें पिछले दो साल से यूनिफार्म नहीं मिली है और स्कूल की छत के टुकड़े गिर रहे हैं, जिससे किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
यह सब देखकर श्रीमती गव्हाड़े ने नाराजी जाहिर की और तुरंत सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम के हाई स्कूल प्रांगण में ग्रामीणों के साथ पौधारोपण किया। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच गुन्ता बाई सूर्यवंशी, उपसरपंच नारायण खांडे, समाजसेवी रमेश गव्हाड़े, पवन चौर, बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षकगण और बच्चे उपस्थित थे। हाई स्कूल पहुंच मार्ग पर कीचड़ होने के कारण बच्चों को पैदल स्कूल पहुंचने में काफी मुश्किल हो रही है। इस समस्या से बच्चों ने जिला पंचायत सदस्य को अवगत कराया। ग्रामीणों ने भी समस्या के निराकरण के लिए आवेदन दिया। स्कूल की बच्चियों ने खेल मैदान बनाने और सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल बनाने की मांग भी की। श्रीमती गव्हाड़े ने सभी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े।
— भोजन व्यवस्था की जांच से सामने आईं खामियां–
जिला पंचायत सदस्य स्कूल के किचन में पहुंचकर भोजन व्यवस्था की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने पाया कि किचन के कमरे में पानी टपक रहा है, जिससे वहां की स्वच्छता प्रभावित हो रही है। इसके अलावा, मीनू के अनुसार बच्चों के लिए भोजन तैयार नहीं किया जा रहा था। बच्चों की संख्या के अनुसार दाल भी नहीं बनी थी।इस पर जिला पंचायत सदस्य ने गहरी नाराजगी जाहिर की। उर्मिला गव्हाड़े ने बच्चों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए स्कूल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए।




