वरिष्ठजनों के लिए आयुष विभाग ने लगाए होलिस्टिक वेलबीइंग कैंप, 600 से अधिक लोगों को मिला लाभ।
उड़दन, जामठी और बडोरा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, आज सर्रा में लगेगा कैंप।

बैतूल। संचालनालय आयुष विभाग मध्यप्रदेश शासन भोपाल के निर्देश पर आयुष विभाग जिला बैतूल द्वारा वरिष्ठजनों के लिए होलिस्टिक वेलबीइंग कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 26 फरवरी को मातोश्री वृद्ध आश्रम उड़दन तथा 27 फरवरी को सेवा भारती आनंद धाम वृद्ध आश्रम जामठी भारत भारती बैतूल में शिविर लगाए गए। जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से वरिष्ठजनों को समग्र स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसमें शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, सामाजिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के संतुलन पर जोर दिया गया।

उड़दन में आयोजित शिविर में नोडल अधिकारी डॉ. ज्ञानेश्वर झरबड़े और सहायक नोडल डॉ. निधि मालवीय सहित 8 सदस्यीय टीम ने 28 वृद्धजनों का उपचार किया। योग शिक्षक परिषि पवार और सागर सिवनकर ने आवश्यक योगाभ्यास भी कराया। वहीं जामठी स्थित सेवा भारती आनंद धाम वृद्ध आश्रम में डॉ. शैलेंद्र कृष्ण तिवारी, डॉ. वीरेंद्र सिंह शाक्य और डॉ. वंदना शाक्य सहित टीम ने 46 वृद्धजनों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर वृद्धावस्था में आवश्यक योग कराया।

तितली चौक बडोरा स्थित सवरिया लॉन में भी नोडल अधिकारी डॉ. सरिता डेहरिया के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें विभाग के 11 कर्मचारियों ने सेवाएं दीं। योग प्रशिक्षक सतीश कुमार शैलू और योग सहायक कुसुम यादव ने योग अभ्यास कराया और इसके महत्व की जानकारी दी। इन सभी शिविरों में कुल 600 लाभार्थियों ने आयुष चिकित्सा और परामर्श का लाभ लिया।
आयुष विभाग द्वारा अगला चिकित्सा शिविर 28 फरवरी को ग्राम सर्रा तहसील मुलताई स्थित मां कुलदेवी मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा, जहां श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ के दौरान नागरिकों को उपचार और परामर्श दिया जाएगा। विभाग ने सभी नागरिकों से शिविर का लाभ लेने की अपील की है।




