Big Accident : बैतूल इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक से टकराई बाइक, बाइक चला रहे बड़े भाई की मौत, छोटा हुआ घायल

Big Accident : बैतूल। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम दनोरा के पास बाइक की ट्रक से टक्कर हो जाने से बाइक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झल्लार निवासी महेंद्र गोरले उम्र 22 वर्ष अपने छोटे भाई शुभम गोरले उम्र 21 वर्ष के साथ सोमवार दोपहर में बाइक से बैतूल से झल्लार जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग के दनोरा में स्थित तितली चौराहे पर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से बाइक सीधे जाकर टकरा गई। इससे गंभीर चोट आने के कारण महेन्द्र गोरले की मौके पर ही मौत हो गई।
छोटा भाई शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। स्वजन ने पुलिस को बताया कि मृतक अपने भाई के साथ फल की दुकान लगाते थे।सोमवार को बैतूल से लौटते समय दुर्घटना हो गई।पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजन को सौंपकर विवेचना प्रारंभ कर दी है।




