haldi kum kum program: हल्दी कुम कुम कार्यक्रम सौभाग्य 2024 कल

haldi kum kum : बैतूल। कलचुरी कलार समाज महिला संगठन द्वारा 10 फरवरी शनिवार को सामूहिक हल्दी कुमकुम कार्यक्रम सौभाग्य 2024 खंजनपुर स्थित दादाजी कुटी मंदिर परिसर में दोपहर 1 से 4 बजे तक आयोजित किया गया है। जिसमें संगीत प्रतियोगिता, भारतीय परिधान प्रतियोगिता, समसामयिक विषय पर विचार प्रस्तुतिकरण, कुर्सी दौड़, पहेली बूझो, भजन प्रतिस्पर्धा के साथ महाआरती रखी गई है।
महिला जिलाध्यक्ष श्रीमती बिंदु केके मालवीय ने सभी सामाजिक मातृ शक्तियों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है। कार्यक्रम में नगर महिला कार्यकारिणी के लिए विभिन्न पदों पर चयन कार्य किया जाएगा। श्रीमती बिंदु मालवीय ने कहा कि हल्दी-कुमकुम सनातनी संस्कृति में अखंड सौभाग्य का प्रतीक है। हल्दी-कुमकुम से सौभाग्य में वृद्धि होती है।
मकर संक्रांति से इस पर्व की शुरुआत होती है। इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को परंपरा निभाने के साथ ही एक दूसरे को जानने और समझने का मौका भी मिलता है। मेलजोल बढ़ने से नए विचार और नई ऊर्जा का संचार होता है। इस तरह के आयोजनों से सामाजिक एकता बढ़ती है इसलिये सभी अवश्य पधारे।




