Music: मेरी आवाज ही पहचान है कार्यक्रम में गूंजे स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के नगमे
बैतूल म्यूजिकल स्टार फीमेल ग्रुप ने दी गीतों से श्रद्धांजलि

बैतूल। जिले की समस्त शासकीय महिला कर्मचारी बैतूल द्वारा बैतूल म्यूजिकल स्टार फीमेल ग्रुप के तत्वावधान में एक अक्टूबर की शाम संगीत संध्या का आयोजन किया गया। स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर को श्रद्धाजंलि देने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम मेरी आवाज ही पहचान है में महिला कर्मचारियों ने लता की आवाज में गाए गए सदाबहार नगमों की दिलकश प्रस्तुति दी। विवेकानंद विज्ञान महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बतौर अतिथि कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य धर्मेंद्र ठाकुर, खेडी प्राचाय श्रीमती नूतन भार्गव, साहित्यकार गुंजन खण्डेलवाल, समाजसेवी मीरा अंथोनी, पत्रकार गौरी बालापुरे पदम प्रमुख रुप से मौजूद रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, स्वामी विवेकानंद एवं स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
— कर्तव्य के साथ संगीत का साथ निभा रही शिक्षिकाएं–
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कन्या परिसर के प्राचार्य श्री ठाकुर ने कहा कि कन्या परिसर में निवासरत बालिकाओं की प्रतिभा को बाहर लाने का उनका प्रयास रहता है। उन्होंने शिक्षकाओं द्वारा आयेाजित संगीत कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि काम के साथ साथ संगीत को समय देना और लोगों को ऐसे कार्यक्रमों से जोडऩा चुनौतीपूर्ण है। श्रीमती भार्गव ने कहा कि संगीत में रुचि रखने वाली वर्किंग वूमन्स के लिए यह मंच प्रेरणा है। कवियत्री व लेखिका गुंंजन खण्डेलवाल ने कहा छुपी हुई प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने बैतूल म्यूजिकल स्टार फीमेल ग्रुप के लिए लिखी कविता का भी मंच से वाचन किया। श्रीमती अंथोनी ने भी सभी वर्किंग वूमन्स की आवाज सुनकर सराहना करते हुए कहा कि बैतूल में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, यह इस मंच से साबित कर दिया। श्रीमती पदम ने कहा कि एक ही वर्ष में बैतूल म्यूजिकल स्टार फीमेल ग्रुप ने अपनी पहचान बनाने में सफलता हासिल की है। अलग-अलग स्कूलों में पदस्थ शिक्षिकाओं द्वारा घर-परिवार, स्कूल के दायित्वों का निर्वहन करते हुए इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन पर पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर बुजुर्गो का शाल श्रीफल एवं पुष्प माला से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक संगीता राठौड एवं दीपा मालवीय ने किया।
इन्होंने दी सुमधुर गीतों की प्रस्तुति
संंगीतमय कार्यक्रम में बैतूल म्यूजिकल स्टार फीमेल ग्रुप के सदस्यों ने एक से बढक़र एक गीतों की प्रस्तुति दी। इस दौरान संगीता राठौर, दीपना करोले, दीपा मालवीय, कमलती चौहान, संध्या जैन, सविता गुजरकर, शुभांगी जैन, अरुणा सोनी, अलका पाण्डे, पिंकी पाटनकर, आशा डांगे, रेखा महस्की, गीता कनाठे एवं अन्य लोगों ने स्वर कोकिला लता मंगेशकर के गीतों से माहौल को सुरमय बना दिया।




