MP Lok Sabha Election Date 2024: लोकसभा चुनाव के लिए बैतूल संसदीय क्षेत्र में 26 अप्रैल को होगा मतदान, 4 जून को आएंगे नतीजे
देश में सात चरणों में आम चुनाव की घोषणा, आदर्श आचार संहिता लागू

MP Lok Sabha Election । देश में लोकसभा चुनाव की घोषणा शनिवार को चुनाव आयाेग ने कर दी है। देश में सात चरणों में मतदान संपन्न कराया जाएगा। 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा और 1 जून को अंतिम चरण के लिए मतदाता वोट डालेंगे। कुल 46 दिन के बाद एक 4 जून को परिणाम घोषित होंगे।
मध्यप्रदेश में बैतूल संसदीय क्षेत्र में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव आयोग के द्वारा घोषित किए गए चुनाव कार्यक्रम के अनुसार लोकसभा की कुल 543 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा और अंतिम सातवें चरण में 1 जून को मतदान संपन्न कराया जाएगा।मतदान के बाद मतों की गिनती चार जून को होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगेे।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी दी है कि चुनाव आयोग के द्वारा इस बार लोकसभा चुनाव के लिए हर जिले में कंट्रोल रूम बनाया गया है। टीवी, सोशल मीडिया, वेबकास्टिंग, 1950 और सी विजिल के माध्यम से आम लोग शिकायत कर पाएंगे। सी-विजिल ऐप के माध्यम से की जाने वाली शिकायत का निराकरण करने 100 मिनट का वक्त रखा गया है।
आम लोग मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए रुपये , गिफ्ट बांटते हैं तो उसकी फोटो ऐप के माध्यम से भेजते ही टीम 100 मिनट के भीतर एक्शन लेगी।चुनाव आयोग के द्वारा देश में 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से ही मतदान करने की सुविधा दी गई है।




