हमला: घर छोड़ने के लिए लिफ्ट दी और रास्ते में शुरू की छेड़छाड़, विरोध किया तो युवती को चाकू से गोदा

Crime News Today: बैतूल। अपने घर जा रही युवती को छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर बिठाकर रास्ते में छेड़ छाड़ का शिकार बनाया। विरोध करने पर चाकू से गोद दिया। गंभीर हालत में युवती जिला अस्पताल में भर्ती है और पुलिस बदमाशों को तलाश कर रही है।
यह घटना बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र के खंजनपुर क्षेत्र में शनिवार रात को हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भैंसा घाट गांव की 22 वर्षीय युवती अपने पति से तलाक लेकर बैतूल के गौठाना में रहकर मजदूरी कर रही है। रात करीब 10 .30बजे वह पैदल घर जा रही थी तभी रास्ते में बाइक से दो युवक उसके पास आए। उन्होंने घर तक छोड़ देने का झांसा दिया और उसे बाइक पर बिठाकर नागदेव मंदिर के पास पहुंचे।
बाइक का पेट्रोल खत्म हो जाने का बहाना बनाकर एक युवक पेट्रोल पंप पर चला गया जबकि दूसरा वहीं पर खड़ा रहा और उसके द्वारा युवती से छेड़ छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया और घायल अवस्था में युवती को छोड़कर भाग गए।
घायल युवती के चीखने पर आसपास के लोगो ने घटना की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद युवती को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चाकू से हमला करने के कारण युवती के पीठ, हाथ, सीने, पेट और ठुड्ढी पर गंभीर चोट आई है। पुलिस के द्वारा अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी की मदद से आरोपियों का पता लगाने का प्रयास शुरू कर दिया है।




