Swadeshi fair concludes: बैतूल में दस दिवसीय स्वदेशी मेले का समापन, धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
भारतीय संस्कृति के रंग में रंगे बैतूलवासी

बैतूल पुलिस ग्राउंड में स्वदेशी जागरण मंच और स्वर्णिम भारत फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय स्वदेशी मेले का समापन हुआ। भारतीय संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले की अपार सफलता पर आयोजकों को बधाई दी गई। समापन समारोह में स्थानीय कलाकारों ने धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनसे दर्शकों का मन मोह लिया।
समापन अवसर पर प्रसिद्ध कथावाचक मानस मर्मज्ञ पंडित श्याम जी मनावत महाराज ने बैतूलवासियों को अपने आशीर्वचन से लाभान्वित किया। इस दौरान विधायक हेमंत खंडेलवाल और स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय संगठन मंत्री केशव दुबोलिया ने मेले की सफलता पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। मेला सह संयोजक हेमलता कुम्भारे और रश्मि साहू ने भी अपने विचार रखे, जिससे उपस्थित जनसमुदाय प्रभावित हुआ। मेला सह संयोजक उज्जवल प्रताप सिंह ठाकुर ने कहा कि यह मेला बैतूलवासियों को लंबे समय तक याद रहेगा, क्योंकि इससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिला, स्वदेशी सामानों और भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत आयोजनों ने आगंतुकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मेले में स्थानीय लोकनृत्य, लोकसंगीत और लोककलाओं के माध्यम से कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच मिला। समापन समारोह में अतिथियों ने उत्कृष्ट कलाकारों को सम्मानित किया और आयोजन में सहयोग देने वाले महानुभावों को शील्ड प्रदान की गई। मेला संयोजक निलेश गिरी गोस्वामी और धर्मेंद्र सिंह परिहार ने अतिथियों का स्वागत किया।
रात्रिकालीन कार्यक्रम में भजनों की प्रस्तुति मां दुर्गा की आरती से प्रारंभ हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया। समापन समारोह में विधायक हेमंत खंडेलवाल, विभाग संगठन मंत्री हेमंत रावत सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने मेले में लगाए गए स्थानीय स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया। इस भव्य आयोजन ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दिया साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं की महत्ता को भी उजागर किया।





