मां रेणुका शिक्षा समिति ने कृषि प्रक्षेत्र में लगाए फलदार-छायादार पौधे।
प्रगतिशील कृषक संतोष धोटे सम्मानित।

बैतूल। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में नवांकुर संस्था मां रेणुका शिक्षा समिति, धामनगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष बैठक एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 10 जून को आयोजित बैठक में वृक्ष संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा आगामी समय में अधिक से अधिक वृक्षारोपण किए जाने पर चर्चा हुई। पूर्व में लगाए गए पौधों की सुरक्षा, नियमित देखभाल तथा कटीली झाड़ियों से संरक्षण के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक विकास कुमरे मुख्य अतिथि रहे। नगर विकास प्रस्फुटन समिति भैंसदेही के अध्यक्ष दीपक जैन, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति चिचोलीढाना के अध्यक्ष पवन नरवरे, पारडी समिति के अध्यक्ष उमेश डंढोरे, बरहापुर समिति की अध्यक्ष कंचना सोनारे तथा नवांकुर संस्था के महादेव हरफोड़े सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद ग्राम बरहापुर में संतोष धोटे के कृषि प्रक्षेत्र पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अतिथियों और समिति सदस्यों ने फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान पर्यावरण संवर्धन में उत्कृष्ट सहयोग के लिए प्रगतिशील कृषक संतोष धोटे को मां रेणुका शिक्षा समिति द्वारा सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विकास कुमरे, महादेव हरफोड़े सहित स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।




