Shiv vivah: महिलाओं ने गाजे-बाजे के साथ लाई खन मिट्टी, शिवालय प्रांगण में आज डालेंगे मंडप

शिव विवाह उत्सव में पारंपरिक तरीके से निभाए जा रहे पूरे रीति रिवाज


बैतूल। त्रिकालदर्शी कहलाने वाले भगवान शंकर के विवाह में शिवभक्त ऐसे जुटे हैं, जैसे अपने घर के किसी सदस्य की शादी हो रही हो। पूरे रीति रिवाज पारंपरिक तरीके से निभाए जा रहे हैं। विवाह पूर्व खनमिट्टी लाने की प्राचीन परंपरा है। रविवार 3 मार्च को महिला शिव भक्तों ने अपने प्रिय महादेव के विवाह के लिए खन मिट्टी लाने की भी परंपरा को पूरे रीति रिवाज के साथ निभाई। विश्वेश्वर महादेव का परिवार बनकर महिला श्रद्धालु रविवार को तय समय सुबह 10 बजे थाना चौक कोठी बाजार स्थित शिवालय में एकत्रित हो गईं। इसके बाद महिलाएं गाजे-बाजे के साथ शिवालय से कुछ ही दूरी पर खन मिट्टी लेने पहुंची। महिलाओं ने खन मिट्टी से विवाह की पूजन सामग्री बनाई जिसके पास बैठकर ही दूल्हा दुल्हन पूजन आदि करते हैं। परिवार और परिजन की महिलाओं के द्वारा विवाह से पूर्व खन मिट्टी लाने की प्राचीन परंपरा है। जिसे महिला श्रद्धालुओं द्वारा बखूबी निभाया गया।
— आज शिवालय प्रांगण में डालेंगे मंडप–
श्री शंभू भोले उत्सव सेवा समिति थाना महाकाल चौक कोठी बाजार द्वारा इस वर्ष भी शिव विवाह की सभी रस्मों को शिवरात्रि से पूर्व मनाया जा रहा है, अपने आप में यह अनूठा और ऐतिहासिक आयोजन माना जा रहा है। जैसे एक आम शादी में किया जाता है। भक्तों द्वारा महाशिवरात्रि तक शादी का उत्सव मनाया जाएगा। 8 मार्च को बारात निकलेगी और धूमधाम से शिव पार्वती विवाह होगा। विवाह की इसी बेला में आज सोमवार 4 मार्च को सुबह 10 बजे थाना महाकाल चौक कोठी बाजार स्थित शिवालय में मंडप बड़ी धूमधाम से डाला जाएगा। मंडप की जिम्मेदारी वर्षा दुबे, माया नामदेव, माधुरी नामदेव, मीना, सलोनी साहू, आयुषी नंदिनी, काव्या, सुषमा चौहान को सौंपी गई। कल 5 मार्च से हल्दी, मेंहदी की रस्म होगी। महिलाओं द्वारा गीत संगीत के साथ सभी रस्म अदा की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button