Lokayukta Caught SE : मुलताई, भैंसदेही की 8 सड़कों के एक्सटेंशन कार्य के लिए 10 लाख की रिश्वत लेते PWD के अधीक्षण यंत्री पकड़ाए

Lokayukta Caught SE : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भैंसदेही एवं मुलताई में आठ सड़कों के निर्माण कार्य के एक्सटेंशन करने के लिए PWD के अधीक्षण यंत्री को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त की टीम ने रविवार को पकड़ा।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार 27 जुलाई 2024 को आवेदक द्वारा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त को शिकायत की थी कि उनके फर्म द्वारा मुलताई एवं भैंसदेही में आठ सड़कों का निर्माण कराया था। जिसमें शेष कार्य के एक्सटेंशन के लिए प्रकरण S.E .नर्मदापुरम डिविजन पीडब्ल्यूडी आरसी तिरोल के पास लंबित हैं। जिसके निराकरण के लिए श्री तिरौल द्वारा 20 लाख रुपये की रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त कार्यालय भोपाल द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया। इसके बाद दिनांक 28 जुलाई 2024 को श्री तिरोले अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण विभाग नर्मदापुरम डिविजन को आवेदक से 10 लाख रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। टीम का नेतृत्व डीएसपी अनिल बाजपेई द्वारा किया गया। टीम में डीएसपी संजय शुक्ला, निरीक्षक नीलम पटवा निरीक्षक उमा कुशवाहा, प्रधान आरक्षक बृज बिहारी पांडे आरक्षक राजेंद्र पवन आरक्षक मनमोहन साहू शामिल रहे।




