Inspiring News : बैतूल कलेक्टर की संवेदनशीलता से संवर जाएगी अनाथ आदिवासी बच्चों की जिंदगी

माता पिता की मृत्यु के बाद वृद्ध नानी के आसरे पल रहे थे तीन बच्चे

Good News Today: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कुर्सी संभालते ही बोल्ड डिसीजन लेकर अतिक्रमण हटाने और अन्य कारवाई करना शुरू कर दिया। इससे उनके बेहद सख्त होने का अहसास हो रहा था। इसी बीच उनके बेहद दयालु होने का भी एक बड़ा प्रमाण सामने आया है। इसके बाद लोग उनकी कार्यप्रणाली की बेहद सराहना कर रहे हैं।
दरअसल कलेक्टर के पास वृद्ध दादी अपने साथ तीन बच्चों को लेकर आई तो उनकी दशा देखकर ही कलेक्टर भावुक हो गए। जब उन्होंने वृद्धा से बात की तो पता चला कि बेटी–दामाद की मृत्यु के बाद अनाथ हो गईं दो नातिन और एक नाती को वह जैसे तैसे पाल रही है। आगे बच्चों का क्या होगा इस चिंता में वह प्रशासन के दरवाजे पर मदद की उम्मीद में आई थी।
कलेक्टर  नरेन्द्र सूर्यवंशी  उनकी हालत और स्थिति देखकर कलेक्टर द्रवित हो गए। उन्होंने तत्काल बच्चों के रहने, भोजन, कपड़े एवं प्रतिमाह आर्थिक सहायता के निर्देश दिए। बैतूल जिले के ग्राम चारबन निवासी बसंती बाई ने बताया कि बच्चों के माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। बच्चों के पिता का स्वर्गवास 4 वर्ष पूर्व हो चुका था। मां की मृत्यु अक्टूबर 2023 में हो गई। उसके बाद घर के किसी भी सदस्य ने उनकी देखभाल नहीं की तो नानी बसंती बाई उन्हें अपने घर ले आई।

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने नानी को बताया कि बच्चों के लिए मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के अंतर्गत 4-4 हजार की राशि स्वीकृत की गई है। यह योजना अनाथ बच्चों की परवरिश के लिए बनाई गई है। यह राशि बच्चों को 18 वर्ष की उम्र तक दी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक बच्चे का नानी बसंती बाई के साथ ज्वाइंट खाता खोला जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री गौतम अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के अंतर्गत जिले में अभी तक 190 बच्चों को इस योजना का लाभ प्रदान किया गया है।

पढ़ना अच्छा लगता है :

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने अपने कक्ष में बैठाकर बच्चों से खुद बात की। उन्होंने पूछा कभी स्कूल गए हो, बच्चों ने ना कहा। फिर पूछा स्कूल जाओंगे। बच्चों की हां सुनने के बाद उन्होंने तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त आदिवासी को बुलाया। बच्चों के पढऩे और रहने के लिए हॉस्टल एवं स्कूल में एडमिशन के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने के लिए अधिकारियों से कहा।

ट्रायबल हॉस्टल में रहेंगे बच्चे:

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सहायक आयुक्त ट्रायबल श्रीमती शिल्पा जैन से बच्चों को बैतूल स्थित ट्रायबल या शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित स्कूल एवं हॉस्टल में उनके रहने एवं एडमिशन कराने के निर्देश दिए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button