MP News : मुख्यमंत्री ने दिए खुले बोरवेल अभियान चलाकर बंद करने के निर्देश
-कमिश्नरों व कलेक्टरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक लेकर बताई प्राथमिकता

Mp News Today: प्रदेश में खुले बोरवेल में बच्चों के गिरने की घटनाओं को लेकर नए मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने चिंता जताई है। उन्होंने गुरुवार काे कमिश्नरों व कलेक्टरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताने के साथ ही बोरवेल में बच्चों के गिरने की घटना को रोकने के प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी ऐसी घटनाओं पर ध्यान दें और जो खुले बोरवेल हैं, उनको अभियान चलाकर बंद करवाएं।
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में समस्त कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स के साथ वीसी के माध्यम से समीक्षा बैठक की एवं यात्रा के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने समस्त अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, विभागाध्यक्ष और विभिन्न निगम मंडलों के महाप्रबंधकों की बैठक को मंत्रालय में संबोधित किया एवं नवगठित सरकार के संकल्प पत्र के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया।
सरकारी जमीन पर बने धार्मिक स्थल चिन्हित होंगे:
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में जल्द ही उन धार्मिक स्थलों की भी पहचान की जाएगी, जो सरकारी भूमि पर बिना अनुमति बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने पहले ही आदेश में धार्मिक स्थलों में निर्धारित सीमा से तेज आवाज में बजने वाले लाउडस्पीकर और अन्य प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर पाबंदी लगाने के लिए कह दिया था।




