कमिश्नर का फरमान; विकास कार्यों में वन भूमि के आवंटन में नही हो देरी

नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर केजी तिवारी ने बैतूल में ली अफसरों की बैठक

Betul News Today: वन क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए भूमि आवंटन के लंबित प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त केजी तिवारी ने अफसरों को कड़े निर्देश दिए।

बैतूल के  कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में गुरुवार को आयोजित बैठक में संभागायुक्त नर्मदापुरम संभाग  के.जी. तिवारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभाग के विकास कार्यों के लिए वनक्षेत्र में भूमि आवंटन के लिए प्रकरण तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए वन विभाग को भेजें।

उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर समय सीमा में भूमि आवंटन के प्रकरणों का निराकरण करें, ताकि विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत विकास कार्य शुरू हो सके।

बैठक में मुख्य वन संरक्षक नर्मदापुरम, कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी और हरदा कलेक्टर श्री आदित्य सिंह, पंचायत के सीईओ श्री अक्षत जैन के अलावा वन विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

बैठक में वनक्षेत्र में जल निगम की पेयजल योजनाओं, जल संसाधन विभाग की सिंचाई योजनाओं, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेल मार्ग के लिए भूमि आवंटन के लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा भी संभागायुक्त श्री तिवारी ने की।

वन विभाग की सीमा से 250 मीटर के क्षेत्र में खनिज उत्खनन की स्वीकृति हेतु लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए गठित समिति की बैठक भी संभागायुक्त श्री तिवारी की अध्यक्षता में गुरुवार को संपन्न हुई। उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि इस समिति की बैठक हर माह आयोजित की जाए।

कमिश्नर श्री तिवारी ने बैठक में निर्देश दिए कि जंगलों से लगे बाहरी क्षेत्र में खनिज उत्खनन की अनुमति देने से पूर्व वन्यजीवों की सुरक्षा और वन क्षेत्र में लगे वृक्षों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button