Railway News : आखिर बैकफुट पर आया रेलवे प्रबंधन, खाेदी गई नालियों को बंद किया
बैतूल के रामनगर क्षेत्र में आवागमन बंद करने खोदी गई नालियों के कारण बढ़ रहा था आक्रोश

Railways Came On Backfoot : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में रेलवे की मनमानी से लोगों में बेहद गुस्सा पनप गया था। बैतूल के रामनगर जाकिर हुसैन वार्ड क्षेत्र के पांच स्थानों पर रेलवे द्वारा एक तरफा कार्रवाई करते हुए सड़कों पर गहरी- गहरी नालियाें की खोदाई कर दीवार बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया था। इससे मार्ग बंद हो जाने से उत्पन्न होने वाली परेशानी से लोगों में रेलवे के प्रति आक्रोश बढ़ गया था।शनिवार को लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और तत्काल कार्य बंद करने की मांग की थी।

रेलवे के इस निर्णय के खिलाफ रामनगर एवं जाकिर हुसैन वार्ड के वासियों के साथ मंडल रेल सलाहकार समिति सदस्य दीपू सलूजा, जिलाअध्यक्ष भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा व पूर्व पार्षद जाकिर हुसैन वार्ड संजू सोलंकी ने सांसद दुर्गादास उईके एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को रेलवे की इस कार्यवाही से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि रोड़ों के बंद हो जाने से एंबुलेंस, स्कूल बस, अग्निशमन वाहन एवं कचरा गाड़ियों के क्षेत्र में न आने की विकराल समस्या उत्पन्न होगी ।
जिससे क्षेत्र को लोगों को बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे की इस कार्रवाई का विरोध यहां के रहवासियों ने जोर-शोर से किया। सांसद व विधायक ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंडल रेल प्रबंधक नागपुर से तुरंत दूरभाष पर चर्चा कर उक्त कार्य को रोकने हेतु चर्चा की।

लोगों को होने वाली परेशानी को दूर करने हेतु सुबह तत्काल सहायक मंडल रेल अभियंता सोनल,नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन के सचिव समन्वय अशोक कटारे व सीनियर सेक्शन इंजीनियर विनय श्रीवास्तव को उक्त स्थल पर भेजकर कार्य को रुकवा कर समस्या का निदान किया तुरंत बुलडोजर बुलाकर नालियों को फिर से बंद किया।
रेलवे अधिकारियों द्वारा रामनगर एवं जाकिर हुसैन वार्ड के वासियो से आगृह किया कि रेलवे परिसर में गंदगी एवं कचरा न फेंकें। वार्ड के कादर शाह, अशोक नागले पार्षद, नरेश जैन, दिलीप जौजाल, प्रवीण वराठे, कमल अड़लक, तारेंद्र साकरे, चंद्रभान डांगे, अशोक मांडेकर, नीलू पटेल, एवं रामनगर, जाकिर हुसैन के वार्ड वासियों ने सांसद एवं विधायक का आभार व्यक्त किया।




