कलार समाज 23 मई को दिखाएगा फिल्म जय माहिष्मति, प्रीमियम शो रहेगा निशुल्क।
भगवान सहस्त्रबाहु की महिमा पर आधारित फिल्म में बैतूल के अमित कसेरा ने निभाई भूमिका।

बैतूल। श्री हैहय क्षत्रिय कलचुरी कलार समाज द्वारा भगवान सहस्त्रबाहु की महिमा पर आधारित फिल्म जय माहिष्मति का निशुल्क प्रीमियम शो 23 मई को कांतिशिवा छविग्रह में आयोजित किया जाएगा। शो दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक रखा गया है। समाज के अध्यक्ष मनोज आर्य और संरक्षक प्रेमशंकर मालवीय ने जिलेवासियों से फिल्म देखने की अपील की है।
समाज के जिला अध्यक्ष मनोज आर्य ने बताया कि फिल्म का निर्माण ओम जय श्री बालाजी फिल्म्स के बैनर तले डॉ. एलएन मालवीय ने किया है। फिल्म के संवाद और निर्देशन रामशंकर शिवहरे ने किए हैं, जबकि संगीत राजा खुराना ने दिया है। फिल्म में राजीव वर्मा, एलएन मालवीय और अजल पाल के साथ बैतूल के स्थानीय कलाकार अमित कसेरा ने भी प्रमुख भूमिका निभाई है।
संरक्षक प्रेमशंकर मालवीय ने बताया कि फिल्म हैहय वंशीय राजराजेश्वर कार्तवीर्य अर्जुन भगवान सहस्त्रबाहु की महिमा और सच्ची घटनाओं पर आधारित है। फिल्म में संदेश दिया गया है कि सच्चे मन से भगवान सहस्त्रबाहु की पूजा-अर्चना करने से जीवन के कार्य सफल होते हैं। उन्होंने समाज के लोगों सहित जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर फिल्म देखने का आग्रह किया है।




