विद्यार्थियों की राष्ट्रीय उपलब्धि पर प्राचार्य ने किया स्वागत, माइम टीम ने दिलाया बैतूल को गौरव

बैतूल। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैतूल के विद्यार्थियों की राष्ट्रीय स्तर पर पहुंची उपलब्धि पर प्राचार्य डॉ मीनाक्षी चौबे ने कलाकारों का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह सफलता महाविद्यालय सहित पूरे बैतूल जिले के लिए गर्व का क्षण है। कॉलेज के विद्यार्थी बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय की ओर से एमजीएम विश्वविद्यालय, छत्रपति संभाजी नगर (महाराष्ट्र) में आयोजित केंद्रीय युवा उत्सव 2025-26 (एआईयू– एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी) में शामिल हुए थे, जहां 30 विश्वविद्यालयों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में माइम टीम ने प्रथम स्थान पाते हुए राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन सुनिश्चित किया।
माइम प्रस्तुति लड़कियां कमजोर नहीं हैं विषय पर आधारित थी, जिसमें मंच पर करन धाड़से, विवेक पवार, ऋषि कापसे, समीर वाड़ीवा, विष्णु धुर्वे और प्रेरणा सातपुते ने त्रेता, द्वापर से लेकर आधुनिक युग तक महिलाओं पर हुए अत्याचार और उनके रौद्र रूप में अत्याचार का अंत दर्शाने वाली प्रभावी प्रस्तुति दी। टीम का निर्देशन लकी इंगले और सोनू कुशवाहा ने किया। इसी आयोजन में महाविद्यालय की समूह नृत्य टीम ने भी शानदार प्रदर्शन कर 30 विश्वविद्यालयों में पांचवां स्थान प्राप्त किया, जिसका निर्देशन महेश इंगले ने किया।
जिला सांस्कृतिक समन्वयक एवं टीम मैनेजर डॉ युगल किशोर सरले ने बताया कि विद्यार्थियों ने कठोर मेहनत की और परिणामस्वरूप माइम टीम राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची तथा समूह नृत्य टीम ने टॉप-5 में जगह बनाई। कार्यक्रम में डॉ शिवदयाल साहू भी सम्मिलित रहे। इस उपलब्धि पर प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार, डॉ गोपाल प्रसाद साहू, डॉ राजेश शेषकर सहित सभी प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।




