आदिवासी क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने के लिए सम्मानित हुए प्राचार्य नीरज गलफट
इलेक्ट्रम इंस्टिट्यूट ने शिक्षा-रत्न सम्मान से किया सम्मानित

बैतूल। इलेक्ट्रम इंस्टिट्यूट ने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षा-रत्न सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मलाजपुर के प्राचार्य नीरज गलफट को शिक्षा रत्न से सम्मानित किया। संस्था प्रमुख सुष्मित बंसोड़, अचित पाठक एवं टीम इलेक्ट्रम द्वारा शाल श्रीफल एवं मोमेंटो भेंट कर श्री गलफट को सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि प्राचार्य नीरज गलफट ने शिक्षा की अलख जगाते हुए गौला जैसे आदिवासी क्षेत्र में विद्यालय की नींव रखी। गरीब परिवार के बच्चों को न्यूनतम शुल्क एवं कुछ विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा प्रदान कर गांव को शिक्षित करने में अपना योगदान दिया। वर्तमान में श्री गलफट शासकीय उच्चतर विद्यालय मलाजपुर में प्राचार्य के पद पर कार्यरत है। साथ ही राजा भोज महाविद्यालय में मार्गदर्शक के रूप में सभी का मार्गदर्शन कर रहे हैं। श्री गलफट युवाओं में शिक्षा की अलख जगाने के लिए सभी के प्रेरणा स्रोत भी है। इस सम्मान के आभार में उन्होंने संस्था के उत्तरोत्तर उन्नति की कामना की।




