Farmers are in panic due to threat from Patwari: किसान सम्मान निधि की जानकारी मांगने पर पटवारी ने दी जान से मारने की धमकी

बैतूल। आठनेर ब्लॉक के ग्राम कोयलारी के ग्रामीण हल्का पटवारी मनोज सोलंकी की अभद्रता से परेशान हैं। किसान दिलीप उइके ने आरोप लगाया है कि पटवारी ने उनसे गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के बावजूद अब तक पटवारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

किसान दिलीप उइके ने बताया कि वह अपने पिता धनसिंग उइके के नाम से किसान सम्मान निधि का लाभ दिलवाने के लिए 8 महीने पहले ऑनलाइन और लिखित आवेदन कर चुके हैं। लेकिन पटवारी मनोज सोलंकी ने आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं की। 16 नवंबर 2024 को जब पटवारी ग्राम पंचायत कोयलारी पहुंचे, तो दिलीप उइके ने उनसे आवेदन की प्रगति के बारे में पूछा। आरोप है कि इस पर पटवारी ने गालियां दीं, धक्का-मुक्की की, और पंचायत भवन से बाहर निकालते हुए जान से मारने की धमकी दी।

दिलीप उइके ने बताया कि पटवारी ने कहा, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। मेरे रिश्तेदार बड़े-बड़े पदों पर हैं, और मेरी राजनीति में गहरी पकड़ है। पुलिस या कोई भी अधिकारी मेरा कुछ नहीं कर सकता।।इस घटना को पंचायत भवन में मौजूद दुर्गेश उइके, गोलू उइके, बाबूलाल सुजाने, लीलाधर, मिलाप और गणेश ने भी देखा।

दिलीप उइके ने लगभग एक माह पूर्व जनसुनवाई में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई थी और प्रशासन से पटवारी मनोज सोलंकी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन प्रशासन द्वारा अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे अधिकारियों के व्यवहार से आम जनता में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पटवारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। वहीं, प्रशासन की चुप्पी पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि इससे शासन की योजनाओं की सफलता पर असर पड़ता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button