माता-पिता ही पृथ्वी पर ईश्वर के रूप हैं: एसपी वीरेंद्र जैन
वैलेंटाइन डे नहीं, माता-पिता के सम्मान का दिन बने 14 फरवरी: एसपी

14 फरवरी को बैतूल में मनाया जाएगा मातृ पितृ पूजन दिवस, पुलिस अधीक्षक ने दी शुभकामनाएं
श्री योग वेदांत सेवा समिति की पहल को पुलिस अधीक्षक ने दिया समर्थन
भारत भारती आवासीय विद्यालय में होगा मुख्य आयोजन, जिलेभर में होंगे कार्यक्रम
बैतूल। माता-पिता ही पृथ्वी पर ईश्वर के रूप में विद्यमान हैं। 14 फरवरी को माता-पिता के सम्मान में आयोजित किया जा रहा मातृ पितृ पूजन दिवस अत्यंत पुण्य का कार्य है। यह बात पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने श्री योग वेदांत सेवा समिति बैतूल द्वारा आयोजित कार्यक्रम के संदर्भ में दी गई शुभकामना संदेश में कही।
श्री योग वेदांत सेवा समिति बैतूल द्वारा 14 फरवरी को विद्यालयों के साथ-साथ घरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी मातृ पितृ पूजन दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार की तैयारियां समिति द्वारा की जा रही हैं। समिति के संरक्षक राजेश मदान ने बताया कि मंगलवार सायं 6 बजे समिति प्रतिनिधिमंडल ने जिले के सक्रिय पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन से सौजन्य भेंट कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
– भारतीय संस्कृति के अनुरूप नहीं है वैलेंटाइन डे
पुलिस अधीक्षक ने समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि 14 फरवरी को युवा पीढ़ी वैलेंटाइन डे के रूप में मनाने लगी थी, जो भारतीय संस्कृति के अनुरूप नहीं है। ऐसे में माता-पिता के सम्मान के लिए इस दिन को समर्पित करना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा सभी वर्गों को जोड़ते हुए इस अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे युवा वर्ग में भी 14 फरवरी माता-पिता की याद, पूजा और सम्मान की तिथि के रूप में स्थापित हो सके।
– सार्वजनिक स्थलों पर मनाएंगे मातृ पितृ पूजन दिवस
समिति संरक्षक राजेश मदान ने बताया कि 14 फरवरी को प्रातः 10 बजे भारत भारती आवासीय विद्यालय में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद वृद्धाश्रम सहित अन्य विद्यालयों, घरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी मातृ पितृ पूजन दिवस के आयोजन किए जाएंगे। समिति ने जिले की जनता से अपील की है कि वे कार्यक्रम में शामिल होने के साथ अपने-अपने घरों में भी मातृ पितृ पूजन दिवस मनाएं। इस अवसर पर समिति संरक्षक राजेश मदान के साथ अनूप मालवीय, बंशीलाल सोनी, मोहन मदान, प्रवीण तिवारी सहित अन्य साधक उपस्थित रहे।




