Horrible road accident on Multai-Nagpur highway: मुलताई-नागपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कंटेनर ने बस को मारी टक्कर, 15 से अधिक यात्री घायल
कंटेनर टक्कर मारकर डिवाइडर पर चढ़ा, कांच तोड़कर बाहर निकाले यात्री

बैतूल। मुलताई-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह 11.20 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रमंडल जोड़ के पास खान ट्रैवल्स की यात्री बस और एक कंटेनर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बस में सवार 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद यात्रियों को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकालना पड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस 20 फीट दूर जाकर सड़क किनारे की रेलिंग में जा घुसी और कंटेनर 100 फीट तक फिसलता हुआ डिवाइडर पर चढ़ गया।
घटना के समय बस मुलताई से बैतूल जा रही थी और हाईवे क्रॉस कर रही थी। तभी नागपुर की ओर से आ रहे कंटेनर ने तेज रफ्तार में बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस के कई यात्री सीटों से गिर पड़े। कुछ लोग टूटे कांच से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और दुकानदारों ने घायलों को बस से बाहर निकाला।

घायलों की मदद के लिए 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और सभी को मुलताई के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में तीन घायलों – राजेश, लोकेश साबले और अल्का उइके को बैतूल रेफर किया गया है। बाकी घायलों को मामूली चोटें आई हैं। कुछ यात्री प्राथमिक उपचार के बाद अपने साधनों से बैतूल रवाना हो गए।
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर की रफ्तार काफी तेज थी और वह लापरवाही से चलाया जा रहा था। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना की जानकारी मिलते ही जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल मुलताई के शासकीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी का उचित और सर्वोत्तम इलाज कराया जाए। यदि जरूरत पड़े तो घायलों को एयरलिफ्ट कर भोपाल भेजा जाए। मंत्री के साथ मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गड़ेकर, नमन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री ने यह भी कहा कि मुलताई अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को दूर किया जाएगा।
ये हुए घायल
ललिता पति अनिल, उम्र 42 वर्ष, निवासी सोनौली, जमुना पति भाऊराव, उम्र 57 वर्ष, निवासी मुलताई, प्रज्वल पिता नरेंद्र, उम्र 18 वर्ष, निवासी मुलताई, लोकेश पिता राज कौशल, उम्र 40 वर्ष, निवासी कामत, अनीता पति मुनिराज, उम्र 53 वर्ष, निवासी सादाबाद, भारत सिंह, उम्र 65 वर्ष, निवासी चिकली, राजेश, उम्र 49 वर्ष, निवासी तिवरखेड़ा, लोकेश साबले, उम्र 41 वर्ष, निवासी मुलताई, इंदिरा पति श्रीराम, उम्र 61 वर्ष, निवासी मुलताई, रेखा पति सुनील, उम्र 49 वर्ष, निवासी सवारी, प्रियांशी पिता राकेश, उम्र 4 वर्ष, निवासी बैतूल, सरिता पति श्रीराम, उम्र 35 वर्ष, निवासी पोहा, कमल पिता रंगलाल, उम्र 62 वर्ष, निवासी बागोड़ा, कल्पना पति विजय, उम्र 50 वर्ष, निवासी कामत, नंदन सिंह पिता लखन, उम्र 55 वर्ष, निवासी सुखा खेड़ी शामिल है।





