Organizing mass Agnihotra: पर्यावरण शुद्धि के लिए बैतूल में होगा सामूहिक अग्निहोत्र का आयोजन
विश्वकर्मा बढ़ाई समाज द्वारा विश्वकर्मा मंदिर में किया जाएगा सामूहिक आयोजन

महामृत्युंजय यज्ञ के साथ होगी कार्यक्रम की शुरुआत
बैतूल। गंज के विश्वकर्मा मंदिर में आगामी 15 दिसंबर को पर्यावरण शुद्धि के लिए सामूहिक अग्निहोत्र का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर 11 नवंबर को मंदिर में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विश्वकर्मा बढ़ई समाज समिति के सदस्यों के साथ बैतूल के सभी सदस्य शामिल हुए। बैठक में विशेष रूप से भोपाल के माधव आश्रम से पधारे अग्निहोत्री गणेश प्रसाद मालवी ने समस्त अग्निहोत्र परिवार को आयोजन की जानकारी दी और कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला।
समाज समिति के सचिव शशिकांत मालवी ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए पंजीयन अनिवार्य होगा, जिसकी शुल्क राशि 150 रुपये रखी गई है। पंजीयन शुल्क में अग्निहोत्र की सामग्री और पात्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि सभी श्रद्धालु इस धार्मिक अनुष्ठान में पूर्णत: सहभागी हो सकें। समिति ने सभी सदस्यों को यह आयोजन भव्य रूप से करने का लक्ष्य दिया है ताकि पर्यावरण शुद्धि के उद्देश्य से एक वृहद स्तर पर यह आयोजन संभव हो सके।
कार्यक्रम की शुरुआत 15 दिसंबर को शाम 4 बजे महामृत्युंजय यज्ञ के साथ होगी। इसके पश्चात सामूहिक अग्निहोत्र यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान माधव आश्रम, भोपाल की संचालिका दीदी नलिनी माधव का विशेष उद्बोधन होगा, जिसमें वह श्रद्धालुओं को प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत करेंगी। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितों को भोजन प्रसादी का वितरण किया जाएगा। अग्निहोत्र परिवार बैतूल ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि इस ऐतिहासिक पर्यावरण शुद्धि हेतु सामूहिक अग्निहोत्र में सम्मिलित होकर इसे सफल बनाएं और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाएं।





