जन अभियान परिषद की पहल पर ग्रामीणों और राहगीरों को मिलेगा शुद्ध शीतल पेयजल।
कोयलारी में जल मंदिर का शुभारंभ। जल शक्ति से नवभक्ति कार्यक्रम के तहत शुरू हुआ प्याऊ ।

बैतूल। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विकासखंड आठनेर के ग्राम कोयलारी में बुधवार को जल शक्ति से नवभक्ति कार्यक्रम के तहत ग्राम प्रस्फुटन समिति द्वारा जल मंदिर प्याऊ का विधिवत शुभारंभ किया गया। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वाधान में आयोजित इस पहल का उद्देश्य बढ़ती गर्मी के बीच ग्रामीणों और राहगीरों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत के पास स्थापित इस प्याऊ में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है, जिससे आमजन को राहत मिल सके। इसके साथ ही समिति द्वारा दीवार लेखन के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया गया और माध्यमिक विद्यालय कोयलारी में नल के पास साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई गई।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक आठनेर श्रीमती मधु आशुतोष सिंह चौहान ने कहा कि जल सेवा ही सच्ची मानव सेवा है और इस प्रकार के प्रयास समाज में सेवा भावना को मजबूत करते हैं। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष आठनेर गोवर्धन राने ने ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन के लिए घरों के आसपास छोटे गड्ढे बनाकर पानी सहेजने की सलाह दी, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके। आशुतोष सिंह चौहान ने भी जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में सुश्री राधा बारपेटे, दिनेश माकोडे, दिनेश साकरे, अंकित, ग्राम प्रस्फुटन समिति कोयलारी के अध्यक्ष दुर्गादास पाटनकर, सचिव इंदल पाटनकर, दिनेश पाटनकर, किसन पाटनकर, महादेव पाटनकर, शंकर बारस्कर, चैतराम बारस्कर, ओम वाघमारे, बेनी प्रसाद पाटनकर, सुखलाल पाटनकर, श्रीमती गुंता पाटनकर, गीता पात्रे, दुर्गा पाटनकर, श्रीमती कपूरा पाटनकर सहित गांव के वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
– जल ही जीवन का आधार
ग्राम प्रस्फुटन समिति कोयलारी के अध्यक्ष दुर्गादास पाटनकर ने कहा जल ही जीवन का आधार है। आज के समय में जल संरक्षण हमारा कर्तव्य है। ग्राम कोयलारी में जल मंदिर (प्याऊ) की शुरुआत इसी सोच का परिणाम है, ताकि हर राहगीर और ग्रामीण को शुद्ध एवं शीतल पेयजल मिल सके।
हम सभी का प्रयास होना चाहिए कि वर्षा जल को अधिक से अधिक सहेजें, अपने घरों के आसपास जल संचयन के छोटे-छोटे उपाय अपनाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रखें।





