एनएचएम कर्मचारियों ने अप्रेजल आदेशों की जलाई होली।

नियमितीकरण सहित 8 सूत्रीय मांगों पर अड़े कर्मचारी, शासन के खिलाफ खोला मोर्चा। रैली निकालकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन ।

बैतूल। नियमितीकरण सहित 8 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का आंदोलन अब और तेज हो गया है। हड़ताल के दौरान मंगलवार को कर्मचारियों ने शहर में रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया।

भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्रित हुए और रैली के माध्यम से अपनी मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित किया। कर्मचारियों ने कहा कि वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन करने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिससे उनमें भारी असंतोष है।

आंदोलन के दौरान कर्मचारियों ने अप्रेजल प्रक्रिया का भी विरोध जताया। संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने अप्रेजल के लिए जारी आदेशों की प्रतियां जलाकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि लंबित मांगों के निराकरण के बजाय विभाग द्वारा अप्रेजल की प्रक्रिया थोपना उचित नहीं है। इसी के विरोध में आदेशों की प्रतियों की होली जलाकर शासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की गई।

रैली के बाद कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई नियमितीकरण संबंधी घोषणाओं को लागू करने, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली एवं स्वास्थ्य बीमा सुविधा देने, 10 प्रतिशत वार्षिक वेतनवृद्धि, महंगाई भत्ता, वेतन विसंगति दूर करने, नियमित कर्मचारियों के समान अवकाश तथा समान कार्य के लिए समान वेतन और सुविधाएं प्रदान करने की मांग की गई।

संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 8 जून को प्रदेशभर के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की बाधा की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button