बैतूल में परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, 32 स्कूली वाहनों की जांच में 20 पर चालान, दो जप्त।

यात्र सुरक्षा को लेकर शहर में चलाया जा रहा सघन जांच अभियान।

बैतूल। छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शनिवार 18 अप्रैल को शहर में स्कूल वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में स्कूल बसों और अन्य वाहनों की बारीकी से जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 32 वाहनों को चेक किया गया, जिनमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 20 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई, वहीं दो वाहनों को जब्त किया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि जब्त किए गए दोनों वाहन बिना वैध परमिट के छात्रों का परिवहन कर रहे थे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना परमिट छात्रों को ले जाना कानून का उल्लंघन है, बच्चों की सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ भी है।

अभियान के दौरान स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों की भी सख्ती से जांच की गई। वाहनों में फिटनेस, दस्तावेज, ड्राइवर की पात्रता, साथ ही क्षमता से अधिक छात्रों को बैठाने जैसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। कई वाहनों में आवश्यक नियमों की अनदेखी पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि स्कूल वाहनों में सुरक्षा के तय मानकों का पालन अनिवार्य है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिला परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्कूल वाहनों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग ने स्कूल संचालकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें और निर्धारित नियमों का पालन करें। साथ ही अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों को केवल अधिकृत और सुरक्षित वाहनों से ही भेजें। विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि बैतूल में एजुकेशन व्हीकल की निगरानी बढ़ा दी गई है, जिससे छात्र परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button