अग्निकांड पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई नमन साख सहकारी समिति।
चार परिवारों के जल गए आशियाने, समिति ने बढ़ाया सहयोग का हाथ । जरूरतमंदों को दिए कपड़े, बर्तन और उपयोगी सामग्री।

बैतूल। ग्राम बिसनूर में आगजनी की घटना से प्रभावित चार परिवारों की सहायता के लिए नमन साख सहकारी समिति आठनेर ने मानवता का परिचय देते हुए राहत सामग्री वितरित की। 20 मई को लगी भीषण आग में चार परिवारों के मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए थे। आग इतनी भयावह थी कि पीड़ित परिवारों के पास शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा।
घटना के बाद पीड़ित परिवारों की मदद के उद्देश्य से नमन साख सहकारी समिति आठनेर द्वारा 22 मई को आवश्यक उपयोगी सामग्री वितरित की गई। समिति की ओर से परिवारों को कपड़े, साड़ियां, शर्ट, पानी रखने के लिए बर्तन और गिलास सहित भोजन बनाने के लिए आवश्यक बर्तन प्रदान किए गए, ताकि प्रभावित परिवारों को दैनिक जीवन की जरूरी सुविधाएं मिल सकें।
– समिति पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता
राहत वितरण कार्यक्रम में नमन साख सहकारी समिति आठनेर की उपाध्यक्ष रंजना बाई गीद, संचालक रीता बाई गावंडे, सिंधु बाई अड़लक, प्रबंधक पूनाजी कापसे, कर्मचारी निलेश प्रजापति एवं नीरज झोड़, बिसनूर पंचायत की सरपंच प्रियंका अतुल ठाकरे सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने समिति के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे सामाजिक संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल बताया।




