Commissioner Inspected : नर्मदापुरम आयुक्त को बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी तहसील कार्यालय में मिली खामियां
बैतूल जिले में राजस्व की हांडी से चांवल का एक दाना आयुक्त ने टटोला

Commissioner Inspected: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में राजस्व विभाग के कामकाज की हालत बेहद खराब है। इसका प्रमाण शुक्रवार को नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त केजी तिवारी को भी बैतूल जिले के तहसील कार्यालय घोड़ाडोंगरी का निरीक्षण करने से मिल गया। निरीक्षण के दौरान तहसील में कई गड़बड़ी सामने आई हैं। आयुक्त ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई और सुधार करने के निर्देश दिए हैं।।आयुक्त ने तहसील कार्यालय में अटैच दो शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से रिलीव करने के निर्देश भी दिए।
घोड़ाडोंगरी तहसील कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने पाया कि तहसील कार्यालय घोड़ाडोंगरी में आरसीएमएस की व्यवस्था लागू होने के बाद भी कुछ प्रकरण आफलाइन पाए गए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ न्यायालयीन आदेशों का राजस्व अभिलेखों में अमल नहीं किया गया है। आरसीएमएस में दर्ज प्रकरणों की नियत पेशी दिनांक आफलाईन आर्डर शीट से मिलान नहीं होना पाया गया। तहसीलदार घोड़ाडोंगरी के न्यायालय में एक प्रकरण गलत दर्ज पाया गया है।
तहसीलदार घोडाडोगरी पीठासीन की आईडी पर 236 और रीडर की आई डी पर 547 प्रकरण लंबित दिखाई दे रहे हैं। नायब तहसीलदार चोपना पीठासीन की आईडी पर 114 और रीडर की आईडी पर 419 प्रकरण लंबित पाए गए। नायब तहसीलदार टप्पा सारनी पीठासीन की आईडी पर 55 और रीडर की आईडी पर 160 प्रकरण लंबित पाए गए।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शाहपुर पीठासीन की आईडी पर 94 और रीडर की आईडी. पर 169 प्रकरण लंबित पाए गए। संभागायुक्त ने तहसीलदार को सभी प्रकरणों को आनलाइन करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें। तहसील कार्यालय में फैली अवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए।




