medical camp: विश्वकर्मा मंदिर में निःसन्तान दम्पत्तियों के लिए आयोजित हुआ चिकित्सा शिविर

विश्वकर्मा बढ़ई समाज समिति जिला बैतूल ने किया शिविर का आयोजन,निःशुल्क शिविर में जिले भर से आए दम्पत्तियों ने भाग लिया


बैतूल। विश्वकर्मा मंदिर, बैतूल गंज में विश्वकर्मा बढ़ई समाज समिति जिला बैतूल के तत्वावधान में निःसन्तान दम्पत्तियों के लिए एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में नागपुर की महिला विशेषज्ञ डॉ. प्रेरणा गुप्ता ने परामर्श दिया और निःसन्तान दम्पत्तियों की निःशुल्क जांच की।
शिविर में जिले भर से आए दम्पत्तियों ने भाग लिया, जिनमें मुलताई, भैंसदेही, पाढर, आठनेर, बारव्ही, आमला, शाहपुर, सारणी आदि स्थानों के लोग शामिल थे। इन दम्पत्तियों ने बताया कि लंबे समय से निःसन्तान रहने के कारण उन्हें समाज और परिवार में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस शिविर के आयोजन को उन्होंने एक अच्छी पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी।
समाज समिति के प्रमुख बलवीर मालवी, जिलाध्यक्ष गणेश प्रसाद मालवी, कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष मालवी, सचिव शशिकांत मालवी, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र मालवी और रवि मालवी ने डॉ. प्रेरणा गुप्ता, डॉ. नीरज गुप्ता, डॉ. निवेदिता राठौर और डाबर कम्पनी के पुनीत जैन का आभार व्यक्त किया। युवा मंच के डॉ. गौरव मालवी ने भी इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा का निःशुल्क शिविर लगाकर जोड़ों का दर्द, हर्ट से सम्बंधित और पेट सम्बंधित समस्याओं की निःशुल्क जांच की और परामर्श दिया। समाज समिति के प्रमुख बलवीर मालवी ने इस सफल आयोजन पर खुशी जताते हुए कहा कि भविष्य में भी समाज समिति इस प्रकार के निःशुल्क आयोजन करेगी। उन्होंने समस्त सामाजिक बंधुओं और जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर लाभ उठाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button