समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए अर्जित ज्ञान का करें उपयोग: कौशलेश तिवारी
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के विद्यार्थियों को दी सम्मानपूर्ण विदाई

समाज सेवा, जनजागरूकता और नैतिक नेतृत्व का संकल्प लेकर निकले छात्र, प्रमाण-पत्र व स्मृति चिन्ह से किया सम्मानित
बैतूल। आठनेर में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के तहत समाज कार्य के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों का सम्मानपूर्वक विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों से अर्जित ज्ञान को समाज सेवा से जोड़ते हुए अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में सभी फायनल ईयर के विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी गईं। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड आठनेर की विकासखंड समन्वयक मधु चौहान ने जन अभियान परिषद द्वारा पाठ्यक्रम को चलाने के उद्देश्य एवं पूरे सत्र की गतिविधियों का प्रतिवेदन उपस्थित लोगों के समक्ष प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए परिषद के नर्मदापुरम संभाग समन्वयक कौशलेश तिवारी ने कहा कि सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा,संवेदना और विकास की रोशनी पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने अध्ययन से अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज के वंचित,जरूरतमंद और कमजोर वर्गों के उत्थान,जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सामाजिक जागरूकता के लिए करें।
– जनहित की भावना के साथ कार्य करें: थाना प्रभारी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आठनेर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि एक सच्चे समाजसेवी की पहचान उसके समर्पण, नैतिकता, जनसेवा और सकारात्मक नेतृत्व से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने कार्यक्षेत्र में नैतिक मूल्यों,सामाजिक उत्तरदायित्वो एवं जनहित की भावना के साथ कार्य करें, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।समाज कार्य की यह शिक्षा तभी सार्थक होगी जब उसका प्रत्यक्ष लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचेगा। यही पाठ्यक्रम की मूल भावना भी है। इस अवसर पर छात्र छात्राओं ने भी अपने अध्ययनकाल के अनुभव साझा किए तथा संकल्प लिया कि वे समाज के सर्वांगीण विकास,जनजागरूकता,पर्यावरण संरक्षण,जल संवर्धन, नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण तथा ग्रामीण विकास जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में निरंतर सक्रिय रहेंगे।
– क्षेत्र के जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य,सफल जीवन एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान की मंगल कामनाएं व्यक्त की गईं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आठनेर नगर मंडल अध्यक्ष गोवर्धन राने, जनपद सदस्य राजू सलामें, सामाजिक कार्यकर्ता धनराज गावंडे, मनोज ठाकुर, नवांकुर संस्था अध्यक्ष कैलाश आजाद, देवीदास गावंडे, दिनेश माकोड़े, सतीश ठाकरे परामर्शदाता दिनेश साकरे, राधिका बारपेटे, दीपाली पातुलकर, अंकित सातपुते सहित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह का समापन सभी के द्वारा एक साथ समरसता भोज ग्रहण कर किया गया।




