वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आज संपन्न होगा मां माचना मैया प्रतिमा स्थापना महोत्सव

बैतूल। मां माचना घाट ग्रीन सिटी स्थित नवनिर्मित मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आज 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे पूर्णाहुति के साथ समापन होगा। सोमवार 9 फरवरी से प्रारंभ हुए इस धार्मिक आयोजन में वैदिक आचार्यों द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ मां माचना मैया की प्रतिमा एवं शिवलिंग की स्थापना की प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है।
आज अंतिम दिवस पर हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति के विशेष अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
मां माचना जन्मोत्सव समिति के संयोजक आनंद प्रजापति ने बताया कि पूर्णाहुति उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया है। उन्होंने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर मां माचना मैया का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।




