15वें वित्त और 5वें वित्त की राशि में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार
रजोला के ग्रामीणों ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर से की शिकायत

पंचायत में लाखों की अनियमितता, जांच न होने से ग्रामीण आक्रोशित
पाइपलाइन से लेकर सीसी रोड तक गड़बड़ी का आरोप, सरपंच-सचिव पर कार्रवाई की मांग

बैतूल। ग्राम पंचायत रजोला जनपद पंचायत आठनेर में पिछले तीन सालों से 15वें वित्त और 5वें वित्त की राशि में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर से शिकायत की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच और सचिव सरकारी राशि का दुरुपयोग कर कई कार्यों में अनियमितता की है। शिकायतकर्ता रमेश कासदे ने बताया कि इस मामले की शिकायत 16 जनवरी 2025 को जनपद पंचायत आठनेर में की गई थी, लेकिन जांच अधिकारी बलराम भारके और उपयंत्री विजय उइके ने अब तक जांच शुरू नहीं की, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
शिकायत में दर्ज आरोपों के अनुसार, वर्ष 2022-23 से अब तक जीपीडीपी के नियमों का उल्लंघन कर 10 प्रतिशत राशि का दुरुपयोग किया गया है। खोदरी से रजोला तक दो बार पाइप विस्तार, ग्राम पलासपानी में पाइपलाइन विस्तार, ग्राम पंचायत भवन की दो बार मरम्मत, सालईढाना में निजी जमीन पर सीसी रोड निर्माण, पवन आर्य द्वारा बनाए गए लीचपिट, आंगनवाड़ी भवन भैसाघाट का निर्माण, तथा ग्राम पंचायत भवन में शौचालय निर्माण में कार्य की तुलना में अधिक राशि निकाले जाने जैसे मामलों की जांच की मांग की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इन सभी कार्यों में सरपंच शिवयकांति पति रामदास इवने और सचिव विनयक पाटिल ने मिलीभगत कर सरकारी धन का गबन किया है। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि अतिशीघ्र इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को न्याय मिल सके और सरकारी राशि का दुरुपयोग करने वालों पर अंकुश लग सके।






