मृत खाताधारकों के नाम पर चलता रहा केसीसी लोन का खेल?

संदिग्ध लेन-देन के विरोध में आम आदमी पार्टी ने किसानों के साथ किया प्रदर्शन। फर्जी कर्ज से मुक्ति की मांग, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन।

बैतूल। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की घोड़ाडोंगरी शाखा में केसीसी खातों से जुड़े कथित संदिग्ध लेन-देन और फर्जी कर्ज के आरोपों को लेकर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में प्रभावित आदिवासी परिवारों और ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बैंक शाखा के सामने नारेबाजी कर आक्रोश जताने के बाद प्रदर्शनकारी तहसील कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कई केसीसी खातों में खाताधारकों की जानकारी और सहमति के बिना लाखों रुपये के जमा-निकासी के लेन-देन दर्ज हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरटीआई के माध्यम से प्राप्त बैंक स्टेटमेंट में ऐसे लेन-देन सामने आए हैं, जिनकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। कुछ मामलों में खाताधारकों की मृत्यु के बाद भी खातों से राशि निकाले जाने का उल्लेख स्टेटमेंट में दर्ज होने का दावा किया गया है।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके स्वजनों के निधन के वर्षों बाद भी संबंधित खातों में बड़े वित्तीय लेन-देन दर्शाए गए हैं। परिवारों का कहना है कि न तो उन्होंने और न ही उनके किसी परिजन ने संबंधित राशि का आहरण किया है। ऐसे में पूरे प्रकरण को गंभीर वित्तीय अनियमितता बताते हुए जांच की मांग की गई है।

ज्ञापन में बैंक प्रबंधन, बैंक से जुड़े कुछ कर्मचारियों, पूर्व बैंककर्मी तथा ग्राम पंचायत पांढ़रा के पूर्व सरपंच की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरटीआई में बैंक स्टेटमेंट तो उपलब्ध कराया गया, लेकिन निकासी पर्चियां और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे संदेह और गहरा गया है।

– दोषियों पर कार्रवाई और कर्ज से मुक्ति की मांग

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बैंक के समस्त अभिलेखों की जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित परिवारों को कथित फर्जी कर्ज के बोझ से मुक्त कराया जाए। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय सोनी ने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान पीड़ित किसान परमजीत, रामरतन गोंड, करण सिंह सहित आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय सोनी, जिला अध्यक्ष विनोद जगताप, यूथ विंग प्रदेश उपाध्यक्ष शिबू विश्वकर्मा, जिला संयुक्त सचिव सिराज खान, प्रदेश मीडिया कॉर्डिनेटर नर्मदापुरम जोन मुकेश गायकवाड़, जिला सचिव धर्मराज नागले, जिला संयुक्त सचिव शिव कुमार तुमडाम, यूथ विंग जिला संयुक्त सचिव रमजान मंसूरी, यूथ विंग जिला संयुक्त सचिव पप्पू साहू, शिवा गुप्ता, नर्मद पांडे, जिला संयुक्त सचिव अजय सरणकर, जिला संयुक्त सचिव ईश्वर मर्सकोले, रामदास कवड़े सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समर्थक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button