आयुष विभाग के हॉलिस्टिक वेल बीइंग कैंप में 48 वृद्धों को मिला उपचार

उड़दन और जामठी आश्रमों में आयोजित हुआ दो दिवसीय शिविर| 19, 20, 26 व 27 फरवरी को फिर होगा आयोजन

बैतूल। संचालनालय आयुष विभाग मध्य प्रदेश शासन भोपाल के आदेश पर आयुष विभाग जिला बैतूल द्वारा वरिष्ठजनों के लिए हॉलिस्टिक वेल बीइंग कैंप का आयोजन किया गया। 12 फरवरी को मातोश्री वृद्ध आश्रम उड़दन तथा 13 फरवरी को सेवा भारती आनंद धाम वृद्ध आश्रम जामठी भारत भारती बैतूल में शिविर लगाए गए। जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि हॉलिस्टिक वेल बीइंग का अर्थ समग्र कल्याण या संपूर्ण स्वास्थ्य है, जिसमें वृद्धजनों को शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, सामाजिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के संतुलन के साथ जीवन जीने की दिशा में मार्गदर्शन दिया जाता है।

मातोश्री वृद्ध आश्रम उड़दन में शिविर के नोडल अधिकारी डॉक्टर ज्ञानेश्वर झरबडे और सहायक नोडल डॉक्टर निधि मालवीय सहित कुल सात कर्मचारियों ने 24 वृद्धजनों का परीक्षण कर आवश्यकता अनुसार उपचार दिया। योग शिक्षक परिषि पवार ने आवश्यक योगाभ्यास कराया। यहां पुनः 19 और 26 फरवरी को शिविर आयोजित किए जाएंगे।

सेवा भारती आनंद धाम वृद्ध आश्रम जामठी बैतूल में सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सामाजिक न्याय विभाग जनपद पंचायत बैतूल मध्य प्रदेश हर्ष नागले की उपस्थिति में शिविर प्रारंभ हुआ। डॉक्टर शैलेंद्र कृष्ण तिवारी, डॉक्टर वीरेंद्र सिंह शाक्य, डॉक्टर वंदना शाक्य सहित नौ कर्मचारियों ने 24 वृद्धजनों को सेवाएं प्रदान कीं। योग शिक्षक पारुल पालीवाल एवं योग सहायक भूपेंद्र सिंह देवडे ने वृद्धावस्था के अनुरूप योग करवाए। इस प्रकार दोनों शिविरों में कुल 48 वृद्धजनों को परामर्श और उपचार दिया गया। शिविर की थीम के अनुसार स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित आहार-विहार के महत्व को समझाया गया। आगामी शिविर 20 और 27 फरवरी को पुनः आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने समस्त वृद्धजनों से शिविर में पहुंचकर औषधियों का लाभ लेने की अपील की है।

 


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button