प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह में बैतूल के पत्रकारों को मिला गौरव सम्मान।

बैतूल। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पत्रकारों, समाजसेवियों और शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति में इंदौर में आयोजित 38वें पत्रकार गौरव सम्मान समारोह में बैतूल के वरिष्ठ पत्रकार कामरेड कुंदन राजपाल और पत्रकार सुश्री काजल कुमरे को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इंदौर से प्रकाशित दैनिक क्राइम दर्पण एवं दैनिक तिमिर किरण समाचार पत्र समूह के संयुक्त तत्वावधान में 7 जून को इंदौर के रीगल चौराहा स्थित प्रीतम लाल दुआ सभागृह में पत्रकार गौरव सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के पत्रकारों, समाजसेवियों और शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में बैतूल के वरिष्ठ पत्रकार कामरेड कुंदन राजपाल एवं पत्रकार सुश्री काजल कुमरे को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पत्रकार गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त होने पर जिले के पत्रकारों एवं शुभचिंतकों ने दोनों को बधाई दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदौर से प्रकाशित दैनिक दोपहर के प्रबंध संपादक नवनीत शुक्ला तथा जबलपुर के पूर्व आईजी एवं सेवानिवृत्त अधिकारी भगवंत सिंह चौहान रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में समाजसेवी कैलाश राठौर, सर्वधर्म संघ के अध्यक्ष मंजूर बैग, इंदौर शहर काजी डॉ. इशरत अली उपस्थित रहे। समारोह में क्राइम दर्पण के प्रधान संपादक संजय माहेश्वरी तथा तिमिर किरण के संपादक लोकेंद्र सिंह राठौर की विशेष उपस्थिति रही।

क्राइम दर्पण एवं तिमिर किरण समाचार पत्र समूह द्वारा यह सम्मान समारोह विगत कई वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष आयोजित 38वें सम्मान समारोह में इंदौर, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, धार, महू, बैतूल, नर्मदापुरम, सिवनी, बालाघाट, हरदा, भोपाल सहित प्रदेश के अनेक जिलों से पत्रकारों ने भाग लिया। समारोह में लगभग ढाई सौ से अधिक पत्रकारों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने क्राइम दर्पण और तिमिर किरण समाचार पत्र समूह द्वारा पत्रकारों एवं समाजसेवियों के सम्मान में किए जा रहे इस सतत प्रयास की सराहना करते हुए आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button