Jayas News betul : अवैध शराब, रेत माफिया के खिलाफ खोला मोर्चा
Jayas News betul: Front opened against illegal liquor, sand mafia
बैतूल। अवैध शराब, रेत माफिया के खिलाफ जयस ने मोर्चा खोल दिया है। जयस कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन पर शराब माफिया के बारे में सारी जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। जिला प्रशासन पर ढुलमुल रवैये का आरोप लगाते हुए जयस कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाकर माफिया विरोधी अभियान चलाने का भी संकल्प लिया। उन्होंने नशे का कारोबार करने वाले और रेत माफिया को चेतावनी देते हुए कहा कि इलाके में नशे, अवैध उत्खनन का कारोबार बंद करें अन्यथा अंजाम के लिए तैयार हो जाएं। जयस ने कहा कि शराब माफिया यहां पर आने वाली पीढ़ी को नशे की गर्त में धकेल रहा है।
जयस ने आरोप लगाया कि अवैध शराब की प्रशासन को जानकारी है। इसके बावजूद अवैध शराब माफिया पर प्रशासनिक कार्रवाई अब तक नहीं हो सकी है। जयस ने प्रशासन से मांग की है कि इन पर तुरंत कार्रवाई की जाए वरना आने वाले समय में आंदोलन किया जाएगा।
जयस मिशन युवा नेतृत्व- 2023 को लेकर मुलताई ब्लाक के ग्रामों में जयस द्वारा बैठक ली जा रही है। इसी मिशन को लेकर जयस जिलाध्यक्ष संदीप कुमार धुर्वे के नेतृत्व में ग्राम दिवतिया, झिरीखपा, सालाईडाना, उबारिया में जयस की बैठक हुई। बैठक के दौरान जयस मिशन युवा नेतृत्व- 2023, अवैध शराब, रेत माफिया के खिलाफ चर्चा की। बैठक के दौरान सैकड़ों युवाओं ने जयस की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में जयस जिला उपाध्यक्ष रितिक बाबा परते, जयस शिक्षा मंत्री दिलीप पंद्राम, प्रदेश सचिव राजरावण परते, महेश शाह उइके जयस जिला प्रभारी, जयस ब्लॉक उपाध्यक्ष गुड्डू अहाके, ग्राम अध्यक्ष झींदा धुर्वे, नीलेश कवड़े एवं मुलताई के समस्त जयस कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।