International Women’s Day: संस्कारों से संवरेंगे गर्भस्थ शिशु, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को होगा दिव्य गर्भ संस्कार समारोह
ब्रह्मकुमारी, आरके मेमोरियल हॉस्पिटल और वूमन विंग आरईएएफ की पहल

बैतूल। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बैतूल में पहली बार दिव्य गर्भ संस्कार समारोह का आयोजन होने जा रहा है। गर्भवती महिलाओं के लिए यह विशेष कार्यक्रम ब्रह्मकुमारी बैतूल, आरके मेमोरियल हॉस्पिटल और वूमन विंग आरईएएफ की संयुक्त पहल पर आयोजित किया जाएगा। यह समारोह गर्भस्थ शिशु को आध्यात्म और संस्कारों से जोड़ने का अनूठा प्रयास है।
आरके मेमोरियल हॉस्पिटल की संचालक और दिव्य गर्भ संस्कार समिति की आयोजक डॉ कृष्णा मौसिक ने बताया कि यह आयोजन दोपहर 12 बजे से आरके मेमोरियल हॉस्पिटल में होगा। कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी बैतूल की संचालिका और वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके मंजू दीदी विशेष मार्गदर्शन देंगी। डॉ कृष्णा मौसिक ने बताया कि स्वस्थ मां और स्वस्थ संतान से ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण होता है। यदि मां गर्भावस्था के दौरान दिव्यता अपनाए तो उसकी संतान नैतिक, चारित्रिक और दैवीय रूप से शक्तिशाली होती है। महाभारत के अभिमन्यु का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि गर्भस्थ शिशु मां के माध्यम से ही ज्ञान प्राप्त करता है। इसलिए इस विशेष आयोजन के जरिए गर्भवती माताओं को संस्कारित और आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। डॉ मौसिक ने सभी गर्भवती महिलाओं से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है ताकि वे अपने गर्भस्थ शिशु को सकारात्मक ऊर्जा और संस्कार दे सकें।




