Innovation : बैतूल कलेक्टर का नवाचार, अब जनपद पंचायत में भी होगी जनसुनवाई

Betul Collector’s Innovation: बैतूल। बैतूल जिले के कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के द्वारा आम जनता से जुड़े मामलों में बेहद संवेदनशीलता से निर्णय ले रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोगाें को अपनी विभिन्न समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय की जन सुनवाई में आना पड़ता है।इससे उन पर आर्थिक बोझ पड़ता है और इसके साथ पूरे दिन का समय भी व्यर्थ जाता है। इस परेशानी को कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने महसूस किया और अब उन्होंने जनपद पंचायत स्तर पर ही हर मंगलवार को जन सुनवाई आयोजित करने की अनूठी पहल प्रारंभ करने के आदेश दे दिए हैं।इसके पूर्व सभी तहसील मुख्यालयों पर भी उनके द्वारा जन सुनवाई प्रारंभ कराई गई है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी नरेंद्र सूर्यवंशी ने कहा कि आम जनता को सहज, सरल एवं त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से जनसुनवाई की सुविधा सभी जनपद मुख्यालय पर ही प्रदान की जाएगी । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का निराकरण करना शासन की प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए शासन के पास स्वयं चलकर जनसुनवाई के लिए जिला मुख्यालय पर आना होता था, जिसमें उनका धन, श्रम, समय और रोजगार भी प्रभावित होता था।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि अब गांव और पंचायत के निवासियों को अपनी समस्या के निराकरण के लिए जनसुनवाई में बैतूल आने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सभी एसडीएम एवं अन्य राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह भी प्रति मंगलवार प्रातः 11 बजे से एक बजे तक पंचायत मुख्यालय पर जनसुनवाई करेंगे।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि अधिकारियों से कहा है कि वे मंगलवार को जिला मुख्यालय बैतूल से आप लोगों के साथ जनसुनवाई के समय आनलाइन वर्चुअल जुड़ेंगे। उन्होंने कहा की जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की है। अब आम व्यक्ति को किराए के रूप अपनी जमा पूंजी खर्च करके 50 से 60 किलोमीटर दूर चलकर आना जाना पड़ता था । अब उन्हें उनके काम का निराकरण जनसुनवाई के माध्यम से पंचायत मुख्यालय पर ही हो जाएगा।




