Betul : पूर्णाहुति के साथ हुआ विशाल भंडारे का आयोजन
हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी, देवी जागरण में झूमे श्रद्धालु
बैतूल। श्री माता मंदिर में रविवार को पूर्णाहुति के साथ पंच कुंडीय महायज्ञ का समापन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। उल्लेखनीय है कि श्री माता मंदिर का जीर्णोद्धार संपन्न होने के बाद 7 फरवरी से प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं पंच कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया गया। रविवार को महायज्ञ की पूर्णाहुति व विशाल भंडारा का आयोजन किया गया। पंडितों के द्वारा वैदिक मंत्रोचार के साथ यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुति दी। विशाल भंडारा का आयोजन दोपहर 1 बजे से शुरू हुआ जो देर शाम तक चला। इस मौके पर व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रही। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने महायज्ञ के दर्शन कर अपने परिवार की सुख शांति के लिए यज्ञ की परिक्रमा की। कार्यक्रम सभी शहर वासियों एवं दानदाताओं के सहयोग से किया गया। भंडारे के बाद मां खेड़ापति जागरण ग्रुप द्वारा विशाल देवी जागरण का आयोजन किया गया। जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित किया।