भीषण सड़क हादसा : फोरलेन पर ट्रक ने बाइक चालक को रौंदा, 4 घायल
पत्नी के साथ 2 बच्चों और भतीजी को लेकर पूजा करने गया था मृतक

Accident News Betul: बैतूल। बैतूल – नागपुर फोरलेन पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और सड़क पर गिरे बाइक चालक को रौंद डाला। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी, दो बेटे और भतीजी को गंभीर चोट आई है। चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फोरलेन पर ग्राम झीटापाटी के समीप देव पूजा करके बाइक से लौट रहे परिवार को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार 1 युवक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं 4 लोग घायल हैं। मृतक का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है वही चार घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राम झीटापाटी निवासी किशोरी पिता मन्नू उइके उम्र 30 वर्ष अपनी पत्नी गीता उइके उम्र 26 वर्ष, बेटे आयुष उइके उम्र 5 वर्ष, दूसरा बेटा अयान उइके उम्र 3 वर्ष एवं भतीजी सोनाली उइके उम्र 4 वर्ष को बाइक से लेकर शनिवार सुबह रायसेडा देव पूजा करने गए थे ।पूजा करने के बाद वापस अपने घर आ रहे थे।
तभी झीटा पाटी के पास स्थित बैतूल नागपुर फोर लेन पर अंधी रफ्तार से दौड़ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइक चालक किशोरी पिता मन्नू उइके उम्र 30 वर्ष उछलकर सड़क पर गिर गया। उसके ऊपर से ट्रक का चका चला गया । मौके पर ही उसकी मौत हो गई वहीं तीन बच्चे एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल लाया गया और भर्ती कराया गया है। मृतक का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।