रक्तदाताओं का सम्मान करना गर्व की बात: खण्डेलवाल :

रक्त सेवा शौर्य सम्मान समारोह में रक्तदान समितियों का हुआ सम्मान ।

बैतूल। यह बोलने का नहीं बल्कि सम्मान करने का दिन है। कई प्रकार के दान होते हैं इनमें सबसे बड़ा दान रक्तदान होता है। क्योंकि रक्तदान सीधे किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने से होता है आज हमें गर्व है कि ऐसे सेवा भाव से प्रेरित रक्तदाताओं का सम्मान करने का अवसर मिला है। ये वो लोग हैं जो बिना किसी स्वार्थ के केवल मानवता के नाते आगे आकर अपना रक्तदान करते हैं और किसी अंजान व्यक्ति के जीवन की डोर को मजबूत करते हैं। उक्त आशय के विचार आज जिला अस्पताल परिसर में शासकीय रक्तकोष बैतूल,स्वास्थ्य विभाग बैतूल के द्वारा आयोजित रक्त सेवा शौर्य सम्मान समारोह एवं रक्तदाता प्रेरणा प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने व्यक्त किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इसके पश्चात केंद्रीय राज्यमंत्री डीडी उइके ने अपने संबोधन में कहा कि आज हमें उन लोगों का सम्मान करने का अवसर मिला है जो दूसरों के प्राणों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते है। यह एक कार्यक्रम नहीं बल्कि मानवता के प्रति समर्पण का उत्सव है। रक्तदान वास्तव में एक जीवनदान महायज्ञ है।

एसबीटीसी डिप्टी डायरेक्टर एनएचएम डॉ.रूबी खान ने अपने संबोधन में कहा कि पूरे प्रदेश में रक्तदाता मरीजों की जान बचा रहे है। आपके कार्य की जितनी सराहना की जाए कम है।बैतूल में रक्तदाता बड़े उत्साह के साथ रक्तदान करते है,यही कारण की यहां लगातार रक्तदाताओं की संख्या बढ़ती जा रही है।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सीएमएचओ डॉ. मनोज हुरमाड़े ने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्त कोष अधिकारी एवं सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी डॉ. अंकिता सीते ने अपने उद्बोधन में बताया कि जिन समितियों का आज यहां सम्मान हो रहा है उनके द्वारा एक साल में लगभग 90 रक्तदान शिविर आयोजित कराए गए हैं। इनके द्वारा किए गए रक्तदान के कारण ही सिकल सेल और थैलीसिमया के मरीजों को बिना रिप्लेसमेंट के रक्त उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि 90 रक्तदान शिविर में 7239 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया है ।जिले में 890 सिकल सेल रोगियों को रक्त दिया गया है।455 थैलीसीमिया मरीज और 985 गर्भवती माताओं को निःशुल्क रिप्लेसमेंट फ्री बल्ड उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार, जिपं उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर,सारणी नगर पालिका अध्यक्ष किशोर वरदे , अपर कलेक्टर वंदना जाट, डॉ. अशोक बारंगा, डॉ. डब्ल्यूए नागले, भाजपा मंडल अध्यक्ष कोठीबाजार विक्रम वैद्य, गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, बैतूल ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नितिन बारस्कर, पूर्व नपाध्यक्ष आनंद प्रजापति सहित अन्य कई अतिथियों की उपस्थिति रही।

इस कार्यक्रम में लगभग 85 से ज्यादा रक्तदान समितियों का सम्मान किया गया जिनके द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। इसमें सामाजिक और धार्मिंक समितियां शामिल हैं। कार्यक्रम के अंत में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button