CRIME NEWS : बीजेपी नेता रविंद्र देशमुख आत्महत्या मामले में दो गिरफ्तार, जांच के लिए S.I.T. बनाई

CRIME NEWS : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सारनी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रविंद्र देशमुख को प्रताड़ित कर आत्महत्या करने पर मजबूर करने वाले दो आरोपियों को सोमवार शाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस थाना सारणी के अपराध क्रमांक 444/2024 धारा 108, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) 2023 के अंतर्गत मृतक रविंद्र देशमुख की आत्महत्या के मामले में आरोपियों द्वारा पैसों के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और समाज में छवि खराब करने की धमकी देकर दबाव बनाकर पैसा वसूलने की बात को लेकर प्रताड़ना दी थी। इसके चलते रविंद्र देशमुख द्वारा आत्महत्या कर ली थी। उक्त मामले में थाना सारणी में 10 आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 444/2024 धारा 108, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) 2023 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु थाना सारणी पुलिस द्वारा लगातार आरोपियों के निवास स्थान एवं संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु अन्य राज्यों में भी टीम रवाना की गई है। पुलिस अधीक्षक बैतूल, निश्चल झारिया द्वारा प्रकरण की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए, आगामी विवेचना के लिए श्रीमती कमला जोशी, अति. पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशन में एक विशेष अनुसंधान दल (S.I.T.) का गठन किया गया है। यह निर्देश दिया गया है कि इस प्रकरण में की गई प्रत्येक कार्यवाही से पुलिस अधीक्षक बैतूल को अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाएगा।
गठित विशेष अनुसंधान दल S.I.T. में निम्नलिखित अधिकारी शामिल हैं:
1. श्रीमती कमला जोशी, अति. पुलिस अधीक्षक बैतूल (नोडल अधिकारी)
2. श्री रोशन जैन, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), सारणी
3. श्री अरविंद कुमरे, निरीक्षक, थाना प्रभारी, सारणी
4. श्री मुकेश ठाकुर, निरीक्षक, थाना प्रभारी, सांईखेड़ा
5. श्री रविकांत डहेरिया, निरीक्षक, थाना प्रभारी, गंज बैतूल
6. श्री वंशज श्रीवास्तव, उप निरीक्षक, थाना सारणी
यह है घटना:
दिनांक 07.10.2024 को मृतक रविंद्र देशमुख, पिता माधोराव देशमुख, निवासी बगडोना, थाना सारणी, खून से लथपथ हालत में अपने घर के बेडरूम में पाए गए। इस घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सारणी श्री अरविंद कुमरे एवं चौकी प्रभारी पाथाखेड़ा श्री वंशज श्रीवास्तव अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहाँ मृतक का शव लहूलुहान स्थिति में मिला और पास ही एक पिस्टल पड़ी हुई थी। मृतक के कान के ऊपर से खून बहता हुआ पाया गया।
चौकी प्रभारी पाथाखेड़ा ने इस घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री निश्चल झारिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सारणी श्री रोशन जैन को दी।पुलिस अधीक्षक श्री निश्चल झारिया ने घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सुरक्षित रखने और फोरेंसिक टीम द्वारा जांच करवाने के निर्देश दिए। फोरेंसिक एक्सपर्ट श्री ऋषिकेश यादव नर्मदापुरम और एफएसएल/ फिंगरप्रिंट प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी ने मौके पर पहुंचकर सूक्ष्मता से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री रोशन जैन, थाना प्रभारी सारणी, और चौकी प्रभारी पाथाखेड़ा की उपस्थिति में शव का पंचायतनामा किया गया और फोरेंसिक टीम द्वारा शव का निरीक्षण किया गया।
शव की जांच के दौरान मृतक की पैंट की पीछे की जेब से एक सुसाइड नोट मिला। इस नोट में मृतक ने रंजीत सिंह, प्रकाश शिवहरे, दीपक शिवहरे, प्रमोद गुप्ता, अभिषेक साहू, मो. नसीम रजा, शमीम रजा, नाजिया बानो, करण सूर्यवंशी, भोला सिंह उर्फ रामनारायण सिंह को अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट में विस्तार से लिखा गया है कि उपरोक्त व्यक्तियों ने पैसों के लिए मानसिक प्रताड़ना दी और समाज में छवि खराब करने की धमकी देकर दबाव बनाया।
मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 444/24 धारा 108, 3(5) बी.एन.एस. का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।




