Gratitude News : हनुमान जन्मोत्सव के ऐतिहासिक आयोजन की सफलता पर समिति ने माना आभार
The committee expressed gratitude for the success of the historic event of Hanuman Janmotsav
बैतूल। हनुमान जन्मोत्सव के ऐतिहासिक आयोजन की सफलता के लिए श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति ने शहरवासियों का आभार व्यक्त किया है। इसके साथ ही समिति के पदाधिकारियों ने यह भी संकल्प लिया है कि आने वाले वर्ष दद्दा का जन्मोत्सव और भी भव्यता के साथ मनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर गंज तांगा स्टैंड हनुमान चौक पर श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति ने शहर की प्रमुख शोभा यात्राओं का स्वागत किया। यहां पर शानदार आतिशबाजी, पुष्प वर्षा एवं प्रसादी वितरण की गई, आकर्षक लाइटिंग, विशाल एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम से कार्यक्रम अपने आप में अभूतपूर्व था। इस आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए समिति के प्रत्येक सदस्य ने सराहनीय योगदान दिया। रामनवमी पर समिति द्वारा श्री राम भजन संध्या का आयोजन किया गया था।
रामनवमी से ही पूरे गंज क्षेत्र में स्वागत द्वार लाइटिंग, झंडे, बैनर, तोरण से सजावट समिति द्वारा की गई थी।हनुमान जन्मोत्सव से पहले समिति पदाधिकारियों ने दिन रात परिश्रम कर जन्मोत्सव की तैयारी पूर्ण की थी।
गंज क्षेत्र को दुल्हन की तरह समिति द्वारा सजाया गया था। आयोजन की सफलता को लेकर समिति का कहना है कि सिर्फ जनता के सहयोग से यह संभव हो सका। इसके लिए समिति ने सभी का आभार व्यक्त किया है। इसके साथ ही आने वाले वर्ष में और भव्य आयोजन का भी संकल्प लिया। यह पहली बार हुआ है कि जब हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में निकाली गई धर्म यात्रा को लेकर शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया। समिति ने दावा किया कि यह धर्म यात्रा अभूतपूर्व और ऐतिहासिक रही। गौरतलब है कि श्री हनुमान जन्मोत्सव समिति गंज क्षेत्र के व्यापारियों द्वारा गठित समिति है, जिसमे ना कोई अध्यक्ष है ना सचिव बल्कि सभी सदस्य है।